महासमुन्द
महासमुंद,19 जून। बंदोबस्त त्रुटि सुधार में विभागीय लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। जिसमें तत्कालीन पटवारी और जमीन मालिक को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पटवारी के खिलाफ जहां एफआईआर दर्ज कर दी गई है, वहीं जमीन मालिक अपनी ही जमीन पर मालिकाना हक साबित करने भटक रहे हैं।
इस पूरे मामले में पटवारी संघ ने कलेक्टर के समक्ष यह तर्क रखा है कि पुलिस ने इस मामले में
एफआईआर दर्ज करने से पहले नियमों का पालन नहीं किया गया है। लिहाजा एफआईआर शून्य कर वास्तविक आरोपी की खोज करनी चाहिए।
संघ के अनुसार पुलिस मुख्यालय, राजस्व विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि शासकीय कार्य में निर्वहन के दौरान पटवारी या अन्य लोक सेवक के खिलाफ ऐसी शिकायत जो संज्ञेय अपराध प्रकट होने या न होने के बारे में संदेह है, या भ्रष्टाचार का आरोप है तो उसकी प्रारंभिक जांच किए बगैर एफआईआर दर्ज नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि इस मामले में सरायपाली तहसील में नामांतरण पंजी में खसरा नंबर 241 के रकबा 0.06 हेक्टेयर की जमीन भोजराज व देवशरण के नाम दर्ज किया गया है। जबकि इस जमीन पर रोशनी लक्ष्मी साहू ने अपना मालिकाना हक बताया है।
इस जमीन को तहसील कार्यालय के आदेश पर पटवारी ने भोजराज के नाम दर्ज कर दिया। जब यह बात रोशनी लक्ष्मी को पता चली तो उन्होंने इसकी शिकायत की। तब पता चला कि नामांकन पंजी में कूटरचना व छेड़छाड़ कर जमीन को दूसरे के नाम पर चढ़ाया गया है।
जानकारी अनुसार नामांतरण पंजी एक साल तक पटवारी के पास होता है। उसके बाद पुस्तिका तहसील कार्यालय में जमा हो जाता है। कहा जा रहा है कि यह कूटरचना उसी अवधि में की गई है। जब यह पुस्तिका तहसील कार्यालय में थी। इस पूरे मामले की जिला पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष संतोष सोनी ने कलेक्टर से उचित जांच करने की मांग की है।