महासमुन्द

बाउंड्रीवॉल गायब, दीवारों पर दरारें, सीपेज जांच में वेलनेस सेंटरों के निर्माण में मिली अनियमितता
19-Jun-2024 3:37 PM
बाउंड्रीवॉल गायब, दीवारों पर दरारें, सीपेज जांच में वेलनेस सेंटरों के निर्माण में मिली अनियमितता

जांच अधिकारी ने लिखा-आपात कालीन मरीजों का इलाज करना संभव नहीं

वेलनेस सेंटरों के निर्माण में घोर लापरवाही व अनियमितता बरतने का मामला सामने आया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19जून। नयापारा स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत बन रहे वेलनेस सेंटरों के निर्माण कार्यों की जांच चिकित्सा अधिकारी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नयापारा द्वारा किया गया जिसमें वेलनेस सेंटरों के निर्माण में घोर लापरवाही व अनियमितता बरतने का मामला सामने आया है। जांच अधिकारी ने समस्त वेलनेस सेंटरों के निर्माण में हुए अनियमितता व गुणवत्ताहीन निर्माण के संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तुमगांव को पत्र के माध्यम से अवगत कराया है तथा आगे कार्रवाई हेतु मार्गदर्शन की मांग की है।

खंड चिकित्साधिकारी को भेजे गए पत्र में जांच अधिकारी ने उल्लेख किया है कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नयापारा महासमुंद जिला महासमुंद अन्तर्गत रही संचालित स्वास्थ्य सुविधा केन्द्रों के भवन निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। निर्माण प्रक्रिया के संबंध में दस्तावेज व नक्शा और स्थान की जानकारी पूर्व में नहीं मिली थी। हाल ही में शहरी कार्यक्रम प्रबंधक के साथ निर्माणाधीन पिटियाझर, गुडरूपारा और मौहारी भांठा के भवन का निरीक्षण किया गया। जिसमें वहां उपस्थित ठेकेदार व इंजीनियर द्वारा भवन निर्माण संबंधी जगह व नक्शा के बारे में पूछने पर स्टेट के आदेशानुसार कार्य करना बताया गया। इस दौरान न ही नक्शा दिखाया गया न ही नक्शा दिया गया और भवन में निर्मित कक्षों के बारे में जानकारी नहीं दी गई। भवन को देखने पर कमरे छोटे लगे व वहां पर मरीजों के लिए वेटिंग हॉल भी नहीं है। पार्किंग की सुविधा भी नहीं है और ड्यूटी रूम भी नहीं है। ना ही वहां किसी के रहने व्यवस्था है। रिपोर्ट में लिखा है कि वर्तमान में यहां प्रसव व आपातकालीन मरीजों का इलाज करना संभव नहीं है। अस्पताल हेतु डीप-पीट, शार्प-पीट और बाउंड्रीवॉल नहीं दिखाई दिया। दीवारों की छबाई मजबूती से नहीं होने से कुछ जगह दीवारों पर दरारें आना, पानी का सीपेज आना इत्यादि अनेक त्रुटिपूर्ण कार्य परिलक्षित हो रहे हैं तथा भवन का निर्माण संतोषजनक नहीं है। भवन के कई कमरों में दरवाजे नहीं लगे है। ना ही वॉश बेसिन व चारों ओर इलेक्ट्रिक बोर्ड की सुविधा है। और जो इलेक्ट्रिक बोर्ड और वायरिंग लगे हुए हैं, उनकी गुणवत्ता संतोषजनक नहीं लगा।

मालूम हो कि प्रारंभ में सर्वे के दौरान विभाग को अनेक मोहल्ले में विरोध का सामना करना पड़ा था। फलस्वरूप विभाग ने आनन- फ ानन में बिना जगह का सही सर्वे करे बगैर ही भवन खड़े करा दिया। मोहल्लों में शहरी स्वास्थ्य केंद्र खोलने का उद्देश्य था लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल या फिर दूर के अस्पतालों पर आश्रित न रहना पड़े।

 राज्य शासन ने कोई वर्ष भर पूर्व छत्तीसगढ़ में 158 नए प्राथमिक चिकित्सालयों को स्वीकृति प्रदान की थी। इनमें से 4 महासमुंद के पृथक-पृथक मोहल्लों में निर्माण हो रहे हैं। कहा गया था कि एक शहरी स्वास्थ्य केंद्र में पांच लोगों का स्टाफ  रहेगा। एक एमबीबीएस डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स, एक एमपीडब्ल्यू, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को नियुक्ति होगी। लेकिन 4 सालों में भी यह संभव नहीं हो सका। इन सेंटरों की जैसे तैसे बिल्डिंग तैयार हुई है उसमें भी अनेक असुविधाएं हैं जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। अब तक फिनिशिंग कार्य नहीं होने की वजह से मरीजों को छोटी बीमारियों के लिए भी मेडिकल कॉलेज पर आश्रित होना पड़ रहा है। वर्ष 2022 से वेलनेस सेंटर का काम शुरू हुआ था और आज तक काम चल ही रहा है। इनमें से एक भी वेलनेस सेंटर में उपचार शुरू नहीं हो सका है। जैसे तैसे शहर के पिटियाझर, मोहारी भांठा, गुड़रू पारा में बिल्डिंग तैयार हुआ है। फिनिशिंग कार्य विधानसभा चुनाव के दौरान ही बंद हो गई है जो लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद भी शुरू नहीं हो सकी है।

 4 साल पहले डेढ़ करोड़ की मिली थी मंजूरी

अब से 4 साल पूर्व अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर निर्माण के लिए एक करोड़ 48 लाख रुपए की स्वीकृति मिली थी। प्रत्येक अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए 37-37 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। उक्त राशि में से 25 लाख इंफ्र ास्ट्रक्चर, 12 लाख रुपए दवाईयों में खर्च करना है।

गुडरू पारा हमर क्लिनिक तालाब से सटकर बना है। इस पर जांच अधिकारी ने लिखा है-गुड़रु पारा का निर्माणाधीन भवन का अनुपयुक्त हिस्सा तालाब से लगा हुआ है। बरसात में तालाब में पानी भरने से भवन ढहने का खतरा है। जिससे बड़ी जनहानि की आशंका भी है। बारिश के दिनों में तालाब में पानी अधिक भर जाने के साथ ही जलीय जीव.जंतु के आने का खतरा बना रहेगा। साथ ही अस्पताल परिसर में बदबू भी फैलेगी तथा भवन ढह कर तालाब के अंदर जा सकता है। जिससे जन-धन की हानि हो सकती है। मौहारी भांठा के भवन के ऊपर से हाईटेंशन इलेक्ट्रिक तारे गुजरी हुई है जो कि स्वास्थ्य केन्द्र के भवन निर्माण हेतु अनुपयुक्त स्थान है। हाईटेंशन तार से भविष्य में कोई अप्रिय घटना होने की सम्भावना बनी हुई है। जिससे जन-धन की हानि हो सकती है। इसके अलावा पिटियाझर के भवन से लगकर नाली गुजरा है। जिससे अस्पताल परिसर में बदबू फैलेगा व मच्छरों से परिसर का माहौल भी खराब होगा। ऐसा प्रतीत होता है कि भवन हेतु स्थल चुनाव और भवन निर्माण प्रक्रिया में लापरवाही हुई है। उक्त समस्त निर्माण कार्यों के संबंध में मार्गदर्शन की मांग की गई है।


अन्य पोस्ट