महासमुन्द
आत्महत्या, हत्या या दुर्घटना अब तक स्पष्ट नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जून। सोमवार की सुबह 2 सगे भाइयों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह हादसा है या सुसाइड, समाचार लिखते तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं सगे भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार दोनों भाई रविवार की रात बाहर से पार्टी में खाना खाकर पहुंचे थे। स्नान करने के बाद दोनों ठेेकेदार से पैसे मांगने के लिए निकले थे। रात भर घर नहीं लौटे तो सुबह परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दरमियान दोनों के शव रेल की पटरी पर मिला।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा करा कर शव को पोस्टमार्टम लिए मेडिकल कॉलेज भेजा और शाम तक पीएम को बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने देर रात तक उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया है।
मृतकों की मां लक्ष्मी यादव का कहना है कि दोनों रात में यह कहकर निकले थे कि टहलते-टहलते ठेकेदार के घर की ओर से पैसे लेकर आ रहे हैं। दोनों भाई एक ठेकेदार के साथ कैटरिंग में मजदूरी का काम करते थे। दोनों रात भर घर नहीं लौटे और सुबह पता चला कि दोनों की लाश पटरी पर पड़ी है।
एसआई कोतवाली अजय शंकर त्रिपाठी का कहना है कि मृतक सुनील की पत्नी कुछ दिन पहले विवाद के बाद मायके चली गई थी। जिस वजह से सुनील काफी डिप्रेशन में रहता था। बाकी जांच के बाद ही पता चलेगा कि ये आत्महत्या है या हादसा। गौरतलब है कि कुछ साल पहले इसी स्थान बेमचा गांव की एक महिला ने अपनी 4 बेटियों संग रेल में कटकर आत्महत्या कर ली थी।