महासमुन्द

गौ तस्करी बढ़ी, कार्रवाई न होने से विहिप चिंतित
11-Jun-2024 4:19 PM
गौ तस्करी बढ़ी, कार्रवाई न होने से विहिप चिंतित

महासमुंद, 11 जून। विहिप के प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख धर्मेंद्र महोबिया, स्थानीय अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, विभाग मंत्री अखिलेश लुनिया, विजय महतो, हर्ष चंद्राकर, धनेंद्र चंद्राकर, गीतेश पंडा, दानेश्वर सिन्हा, बुद्ध सिन्हा आदि ने क्षेत्र में लगातार हो रही गौ तस्करी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ये घटनाएं हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करती है। परंतु, कई घटनाएं प्रकाश में आने के बाद भी कठोर कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि इसके पूर्व कलेक्टोरेट का घेराव कर जिले में हो रही गौ तस्करी की ओर शासन व प्रशासन का ध्यान दिलाया गया था। इसके बावजूद इस दिशा में प्रयास कम है। उन्होंने कहा कि महानदी में गौ तस्करों की मृत्यु पर पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर को मॉब लिंचिंग नजर आ रही है। पर, गौ तस्करी और हजारों गौ वंशों की हत्या नहीं दिखाई देती। इसके पूर्व गौ सेवक साधराम और सुजित की नृशंस हत्या पर उन्हें मॉब लिंचिंग नहीं दिखी।  विहिप ने कहा कि पिछले 5 वर्षों में गौ तस्करी का 1 भी मामला या गौ तस्कर नहीं पकड़े गए।


अन्य पोस्ट