महासमुन्द

वैकल्पिक चिकित्सा की डिग्री, पर लिख रहे एलोपैथी दवाएं
11-Jun-2024 3:38 PM
वैकल्पिक चिकित्सा की डिग्री, पर लिख रहे एलोपैथी दवाएं

जिले के सभी ब्लॉकों से सूची मंगाई गई है, होगी कार्रवाई-सीएमएचओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 11जून। महासमुंद जिले में अनेक ऐसे चिकित्सक हैं, जिनके पास वैकल्पिक चिकित्सा की डिग्री है। लेकिन, वे एलोपैथी दवाएं लिख रहे हैं। जबकि बैचलर ऑफ आयुर्वेद मेडिसिन एंड सर्जरी (बीएएमएस) भारत में चिकित्सा की एक डिग्री है। यह 12 वीं कक्षा के बाद साढ़े पांच वर्ष की अवधि में पूरी की जाती है। जिसमें एक वर्ष का इंटर्नशिप भी सम्मिलित है। बीएएमएस का डिग्रीधारी व्यक्ति भारत में कहीं भी प्रैक्टिस कर सकता है।

इस पाठ्यक्रम में शरीर रचना विज्ञान, शरीर क्रिया विज्ञान, चिकित्सा के सिद्धान्त, रोगों से बचाव तथा सामाजिक चिकित्सा, फार्माकोलोजी, विष विज्ञान, फोरेंसिक चिकित्सा, कान-नाक-गले की चिकित्सा, आंख की चिकित्सा, शल्य क्रिया मॉडर्न मेडिसिन (अर्वाचीन वैद्यक) पूर्ण ज्ञान व इसके सिद्धान्त आदि का पठन- पाठन होता है।  साथ ही आयुर्वेद की भी शिक्षा दी जाती है।

इससे अलग (बैचलर ऑफ अल्टरनेटिव चिकित्सा) एक वैकल्पिक चिकित्सा है। जिसमें योग आदि शामिल हैं। लेकिन, इसमें एलोपैथी दवाएं लिखने की अनुमति नहीं होती। (बीएएमएस और बीएएमएस) दोनों डिग्रियों का समान नाम इसमें एक्यूप्रेशर, प्राकृतिक चिकित्सा, होने के कारण मरीज भ्रमित होते हैं। और आयुर्वेद की बजाय वैकल्पिक चिकित्सक के पास पहुँच जाते हैं।

हालात यह है कि जिले के सुदूर इलाके में अकुशल डॉक्टरों द्वारा मरीजों से एक बॉटल चढ़ाने के बदले 100 से 300 रुपए तक लिए जाते हैं। ये डॉक्टर पर्ची पर जेनेरिक दवाओं की बजाय ज्यादा कीमत वाली दवाएं लिखते हैं। अगर बॉटल व इंजेक्शन मरीज लाता है तो उसे लगाने के 50 और इंजेक्शन लगवाने के 20 रुपए लिए जाते हैं।

अशिक्षित मरीज इन चिकित्सकों को बकायदा घर बुलाकर अपना उपचार कराते हैं। लेकिन, जब तबियत और ज्यादा बिगड़ जाती है तो वे शासकीय अस्पताल का रुख करते हैं। आज से 7 से 8 साल पूर्व बिना लाइसेंस के अनेक क्लीनिक बंद कराये गये थे। जो पुन: खुल गए। विभाग ने इतने वर्षों बाद अब फिर से इन पर कार्रवाई शुरू की है।

  महासमुंद के सीएमएचओ डॉ.पी कुदेशिया का कहना है कि विभागीय जानकारी अनुसार जिले भर में लगभग 1000 से 1500 के आसपास ऐसे क्लिनिक हैं। जो अपनी डिग्री के अलावा अन्य पैथी से भी इलाज करते हैं। सभी ब्लॉकों से सूची मंगाई गई है। सूची में आंकड़े बढ़ भी सकते हैं या कम हो सकते हैं। सूची आने के बाद ही कार्रवाई होगी।


अन्य पोस्ट