महासमुन्द
फ र्शी पत्थरों के टुकड़े बिछाकर ढंक दिया गया था
पेट्रोल पंप के लिए पेड़ काटने का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-353 किनारे ग्राम बेलसोंडा में व्यवसायिक परिसर निर्माण के लिए बगैर अनुमति पेड़ों की कटाई मामले में कल वन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जाकर जांच की। मौके पर पेड़ों की कटाई के प्रमाण नहीं मिलने पर जेसीबी से खुदाई की गई। तब कहीं जाकर गड्ढे में ठूंठ नजर आए। ठूठों को फ र्शी पत्थरों के टुकड़े बिछाकर ढंक दिया गया था। टीम ने मौके का पंचनामा बनाया है, जिसे प्रशासन को सौंपेगी।
मामला यह है कि बेलसोंडा ग्राम में हाईवे किनारे के बड़े-बड़े वृक्षों को दिनदहाड़े बिना अनुमति के कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। अखबारों में खबर प्रकाशन के बाद मामले की जांच शुरू हुई है। रविवार की सुबह 10-11 बजे वन विभाग की ओर से डिप्टी रेंजर कमल नारायण अपनी टीम के साथ तथा राजस्व की ओर से बेलसोंडा के पटवारी राकेश थवाईत आदि मौके पर पहुंचे थे। सरपंच भामिनी पोखन चंद्राकर और कोटवार भी इस दौरान मौजूद थे।
अधिकारियों के मौके पर पहुंचते ही एसडीएम उमेश साहू के आदेश पर जांच शुरू की गई। जानकारी के अनुसार व्यवसायिक परिसर निर्माता जगदीश टावरी पेड़ों की कटाई की वैधता साबित करने संबंधी दस्तावेज जांच टीम के समक्ष पेश नहीं कर सके हैं। काटे गए पेड़ों के प्रमाण चौड़ाई 1.70 मीटर बताई गई है। जबकि पेड़ों की शाखाएं, पत्तियां आदि मौके पर नहीं मिले। ठूंठ और डंगालों को भी मौके पर से गायब कर दिया गया था। जिस स्थान पर पेेड़ खड़े थे, वहां फर्शी पत्थर बिछाये गए थे। उक्त फर्शी पत्थरों के टुकड़ों को जेसीबी से खोदकर हटाने के बाद पेेड़ों के ठूंठ दिखाई दिए। तब जाकर टीम ने मौके पर वस्तु स्थिति का पंचनामा बनाकर बयान दर्ज किए।
सूत्रों ने बताया है कि जांच व पंचनामा के बाद जांच प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को कल रविवार को अवकाश होने के कारण नहीं दिया जा सका है। सोमवार को जांच प्रतिवेदन सौंपा जाएगा। उसके बाद इस पर प्रशासन कार्रवाई करेगा। पंचनामा में काटे गए 2 पेड़ों के तने की चौड़ाई 2.2 मीटर तथा एक पेड़ के तने की चौड़ाई 1.80 और एक पेड़ के तने की चौड़ाई 3.2 मीटर है।
गौरतलब है कि खबर तैयार करते वक्त अपने बयान में पम्प संचालक जगदीश टावरी ने कहा था कि प्रशासन से अनुमति ले ली है। यह मामला महासमुंद से गुजरने वाली एनएच 353 में ग्राम बेलसोंडा तालाब के पास की है, जहां एचपीसीएल पेट्रोल पंप का निर्माण करने के लिए पंप संचालक ने करीब 4-5 हरे भरे पेड़ों की कटाई कर दी है। इन पेड़ों की कटाई की जानकारी ग्राम पंचायत को भी नहीं है। सबसे बड़ी बात यह है कि मुख्यालय से ग्राम बेलसोंडा की दूरी महज 5-6 किमी है। इस रास्ते से प्रतिदिन जिला प्रशासन के अफसरों के साथ राज नेताओं का आना-जाना होता है।
एनएच 353 पर जहां हरा भरा पेड़ काटा गया है, वह बेलसोंडा पटवारी क्षेत्र में आता है। अभी यहां राकेश थवाईत पटवारी हैं।
हल्का पटवारी राकेश थवाईत का कहना है कि पेड़ों की कटाई के सम्बंध में उन्हें भी किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं है। बताया जाता है कि खरोरा से नदी मोड़ तक सैकड़ों की संख्या में पेड़ों को अविभाजित मध्यप्रदेश शासनकाल के साल 1996 में विशाल मानव श्रृंखला बनाकर लगाए गए थे। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हवाई सर्वेक्षण कर मानव श्रृंखला के उक्त कार्य की सराहना की थी। उस वक्त अविभाजित रायपुर जिले के विद्यार्थी भी इस मानव श्रृंखला में शामिल थे।
बताया गया है कि यहां 10 इमारती पेड़ था। जिसमें से ज्यादातर पेड़ काट दिए गए हैं। यह पेड़ पर्यावरणीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण था। ग्रामीणों ने कहा कि वन अधिनियम के अनुसार वृक्षों की कटाई नहीं की जा सकती।
इस मामले में ग्राम पंचायत बेलसोडा की सरपंच भामिनी पोखन चंद्राकर का कहना है कि पंचायत क्षेत्र के मुख्य मार्ग में लगे पेड़ों की कटाई की जानकारी उन्हें भी मीडिया के माध्यम से मिली है। इसके लिए भूमिस्वामी द्वारा पंचायत को न किसी प्रकार की सूचना दी गई है और न ही पंचायत से इसके लिए किसी तरह से कोई प्रस्ताव पास किया गया है।
उनका कहना है कि पंचायत क्षेत्र में लगे पेड़ों की कटाई के लिए भूमिस्वामी को नियमानुसार पंचायत को सूचना देकर प्रस्ताव पारित कराकर ही कार्रवाई की जानी थी। श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि प्रशासन द्वारा एनएच 353 मार्ग के चौड़ीकरण के लिए जितने पेड़ों को चिन्हांकित किया गया और बकायदा पंचायत को सूचना दी गई। बाद पंचायत से पेड़ो की कटाई की बजाए स्थानांतरित करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया और प्रशासन व वन विभाग ने अधिकांश पेड़ों को स्थांतरण करने की कार्ययोजना बनाई गई है।