महासमुन्द

बागबाहरा में राइस मिलर के घर ईडी की दिन भर जांच,
10-Jun-2024 3:52 PM
बागबाहरा में राइस मिलर के घर ईडी की दिन भर जांच,

क्या मिला खुलासा अब तक नहीं जिला राइस मिल एसो. के अध्यक्ष हैं मनोज अग्रवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 जून। प्रदेश में अनेक स्थानों पर छापेमारी के दौरान ईडी प्रवर्तन निदेशालय की टीम 8 जून को बागबाहरा भी पहुंची थी। टीम ने दिन भर जिला राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के घर पर जांच करते हुए गहन पूछताछ की। दस्तावेज खंगाले। जांच में क्या-क्या सामने आया, इसका ब्यौरा अभी तक नहीं मिल पाया है।

जानकारी अनुसार शनिवार को सुबह 8 बजे ईडी की टीम बागबाहरा में लालपुर रोड पर वार्ड नंबर-7 में स्थित महासमुंद जिला राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के घर पहुंची। ईडी की टीम ने पूरे दिन श्री अग्रवाल के घर में पूछताछ की और राइस मिल व्यवसाय से संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, लेन-देन से जुड़ी जानकारी खंगाली।

गौरतलब है कि इस कार्रवाई की जानकारी किसी को नहीं थी। देर रात टीम के लौटने के बाद इस कार्रवाई की जानकारी हुई। राज्य में वर्ष 2023 में हुए 140 करोड़ के कस्टम मिलिंग घोटाले में ईडी मार्क फेड के बड़े अधिकारी, छग प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा राइस मिल एसोसिएशन के जिलाध्यक्षों के यहां पूछताछ और छापेमारी कर रही है। इसके पूर्व महासमुंद में भी राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के घर पर ईडी की टीम पहुंची थी।

इसी सिलसिले में शनिवार को ही ईडी की टीमों ने राजनांदगांव जिला राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष के अनेक ठिकानों पर छापेमारी की थी। मामले में तत्कालीन राज्य सरकार द्वारा कस्टम मिलिंग में दी जा रही प्रोत्साहन राशि को 40 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 120 रुपए किए जाने के बाद प्रोत्साहन राशि में करीब 140 करोड़ रुपयों के घोटाले का आरोप है। मार्कफेड के तत्कालीन शीर्ष अधिकारी और प्रदेश राइस मिल एसोसएशन के तत्कालीन कोषाध्यक्ष जेल में बंद है। कहा जा रहा है कि इसी घोटाले की छानबीन में ईडी जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट