महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जून। जिले के बसना में पदमपुर सडक़ किनारे राम जानकी मंदिर के पास शासकीय घास भूमि तालाब मेढ़ से हटाये गये अवैध अतिक्रमण से दुकान और मकानों का मलबा अतिक्रमणकारियों द्वारा नहीं हटाये जाने पर नगरीय प्रशासन द्वारा कल फिर से बुलडोजर चलाया गया और आधे अधूरे तोड़े गए मकान और दुकान को पोकलेन एवं बुलडोजर से पूरा तोड़ दिया गया।
नगर पंचायत द्वारा एनजीटी गाइड लाइन के अनुसार श्रीराम जानकी मंदिर तालाब किनारे बसे व्यवसायिक दुकानदारों, आवासियों को हटाने तीन दिवस के भीतर खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। पश्चात् मलबा हटाने का पुन: नोटिस दिया गया।
खाली किये जाने का समय सीमा समाप्त होने पर नगरीय प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण को मुक्त करने बुलडोजर की कार्रवाई की हैं। जिससे नगर पंचायत अध्यक्ष सहित अतिक्रमणकारी आक्रोषित नजर आए।
एनजीटी के नियम अनुसार तालाब किनारे मेढ़ पर बने दुकान एवं आवास निर्माण से जीव, जंतु एवं बायो डायवर्सिटी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। तालाब एरिया अतिक्रमण के कारण छोटा पड़ रहा था, जिसके कारण भू जल स्तर और निस्तारी पर प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था।
गाइडलाइन अनुसार, उपरोक्त अवैध अतिक्रमण को छग नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 187 एवं 223 का उल्लंघन बताया गया है। इस कार्रवाई पर नगर पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र साहू एवं चरणजीत सिंह छाबड़ा रज्जू ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण संबंधित हमें कोई जानकारी नहीं दी गई। खसरा नंबर 125 घास भूमि में हम काबिज हैं। लेकिन तालाब की भूमि खसरा नंबर 126 है। इसके लिए हमने हाईकोर्ट में याचिका लगाई गई हैं। जिसकी सुनवाई 10 मई को है।
नगर पंचायत अध्यक्ष का कहना है कि न्यायाधीश अरविंद कुमार वर्मा के निर्देशानुसार कलेक्टर प्रभात मलिक ने कहा है कि आगामी 10 मई तक के लिए कब्जा हटाये जाने सबंधित कार्यों को रोका जाये। लेकिन सीएमओ द्वारा मनमानी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विगत 30 वर्षों से हम काबिज हैं। नगर पंचायत में सभी टैक्स को विगत सात वर्षों से पटा रहे हैं। यह कार्रवाई दुर्भावनावश की जा रही है। हमारा मकान पूरी तरह से खड़ा था जिसका फोटो वीडियो अधिवक्ता के माध्यम से हाईकोर्ट को हमने अवगत कराया है। नगर पंचायत के सीएमओ, नायब तहसीलदार बसना, नायब तहसीलदार भंवरपुर द्वारा मलबा हटाने का बहाना बनाकर चार जेसीबी मशीन, एक पोकलेन मशीन द्वारा मकान को तोड़ा गया। जबकि हाईकोर्ट द्वारा सुनवाई होते तक सभी कार्यों को रोके जाने कलेक्टर महासमुन्द को निर्देशित किया है।