महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जून। महासमुंद निवासी एक अधिवक्ता धार्मिक यात्रा के नाम पर ठगी का शिकार हो गया। पीडि़त ने अपने साथ हुए धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस में की है।
पीडि़त उमरा के लिए अपने पूरे परिवार सहित सउदी अरब जाना चाहता था। इसी के चलते वह अपने मोहल्ले में उमरा की यात्रा कर लौटे मो. नासिर से मिलने गया तो वहां उसे यात्रा कराने वाला व्यक्ति मिला, जिसने यात्रा के नाम पर उससे करीब 2.25 लाख रुपये ठग लिए।
प्रार्थी अधिवक्ता मुजाहिद अली ने पुलिस को बताया कि वह धार्मिक यात्रा उमरा करने की तैयारी कर रहा था, इसी बीच पिछले वर्ष मई 2023 में उनके मोहल्ले के मो. नासिर धार्मिक यात्रा उमरा करके लौटे थे तो उनसे मिलने गया था। जहाँ नासिर के घर में उनकी मुलाकात वसीम अली से हुई। उक्त व्यक्ति ने अपना परिचय रूही टूर एवं ट्रेवल्स के संचालक के रूप में बताकर लोगों को उमरा कराने सउदी अरब लाने ले जाने के काम की जानकारी दी।
वसीम अली ने उमरा करवाने प्रति व्यक्ति 65 हजार रुपये खर्च आना बताया। उसने मुजाहिद अली के परिवार के 5 लोगों के लिए एक खाते में ऑनलाईन पैसा भेजने को कहा, जिस पर मुजाहिद और उसकी बड़ी बहन ने 2.25 लाख रुपये की रकम उसे ऑनलाइन ट्रांसफर किया।
प्रार्थी को वसीम अली ने पैसा प्राप्त होना तथा बहुत जल्द उमरा भेजने की बात कही। फिर प्रार्थी को तैयारी करने कहा। जाहिद ने वहां जाने के लिए संपूर्ण तैयारी कर ली और वसीम अली को उसके दिये गए मोबाइल नंबर में फोन किया तो वह बोलता रहा कि मैं आप लोगों को 10-15 दिन में उमरा में भेजता हूं। आप अपनी तैयारी रखो और ऐसा करते- करते वह व्यक्ति करीब 3-4 माह तक घुमा दिया और फिर अपना मोबाइल बंद कर दिया।
मुजाहिद ने पुलिस को बताया कि उसके दिये गए नंबर पर फोन करने पर मोबाइल बंद बताता है। उसे यकीन है कि वसीम अली रकम लेकर छल एवं धोखाधड़ी किया है, जिसकी अब पतासाजी करने पर भी वह नहीं मिल रहा है। मामले की शिकायत पर महासमुंद कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34, 420 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।