महासमुन्द

4 दिनी शतरंज स्पर्धा, 20 जिलों से 150 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
08-Jun-2024 3:30 PM
4 दिनी शतरंज स्पर्धा, 20 जिलों से 150 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा , 8 जून।  जिला शतरंज संघ महासमुंद द्वारा पिथौरा में आयोजित 4 दिवसीय शतरंज स्पर्धा का उद्घाटन अग्रवाल समाज पिथौरा के अध्यक्ष अनूप अग्रवाल द्वारा शतरंज की बिसात पर प्यादे की चाल चलकर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता व कलार समाज महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रमिला सिन्हा ने की। स्पर्धा में 20 जिलों से 150 चयनित खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया है।

   उक्त अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप अग्रवाल ने खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि शतरंज एक बौद्धिक खेल है। इसे हर उम्र के लोगों को खेलना चाहिए। जरूरी नहीं कि हर शतरंज खिलाड़ी विश्व चैंपियन ही बने, लेकिन शतरंज को खेलते रहने से जो शतरंज खेलने के बेशुमार फायदे है,वे सारे गुण हमारे अंदर समाहित हो जाते हंै।

प्रमिला सिन्हा ने कहा कि पिथौरा जैसे छोटी सी जगह में अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त स्पर्धा के आयोजन से अंचल का मान बढ़ा है। जिला शतरंज संघ को इस पहल के लिए बधाई देती हूं। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत  एक सामान्य प्रक्रिया है। हार से कभी भी हतोत्साहित नहीं होना चाहिए। निरंतर प्रयास और दृढ़ निश्चय से सफलता अवश्य मिलती है।

इस राज्य चयन स्पर्धा में  91हजार रुपए  की कुल राशि खिलाडिय़ों को ईनाम स्वरूप दिए जाएंगे। महिला - पुरुष दोनों वर्गों से टॉप 4 - 4 खिलाडिय़ों का चयन राष्ट्रीय  स्पर्धा के लिए किया जाएगा।

विशिष्ट अतिथि के रूप में  जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज धृतलहरे, राज्य शतरंज संघ के पदाधिकारी विकास शर्मा, सुबोध सिंह ,ईश्वर राजपूत , पुनीत सिन्हा, राज्य सचिव हेमन्त खुटे, अंतरराष्ट्रीय निर्णायक अनीश अंसारी व जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष डॉ. डी एन साहू मंचासीन थे।

सर्वप्रथम टूर्नामेंट डायरेक्टर हेमन्त खुटे ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि  वर्ष 2022 से 2024 के भीतर 3 साल के अंतराल में यह तीसरी फीडे रेटिंग स्पर्धा है तथा जिला शतरंज संघ के बैनर तले यह सोलहवां राज्य चयन स्पर्धा है। आगामी दिनों में हमारा प्रयास नेशनल रेटिंग टूर्नामेंट कराने का रहेगा,ताकि जिला व प्रदेश के खिलाडिय़ों को रेटिंग के लिए कही बाहर जाना न पड़े। कार्यक्रम का संचालन संतोष गुप्ता ने किया। उक्त स्पर्धा में 20 जिलों से 150 चयनित खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया है। कार्यक्रम का समापन व पुरस्कार वितरण समारोह 10 जून को रखा गया है।


अन्य पोस्ट