महासमुन्द

जैतखाम को क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई की मांग, सतनामी समाज ने निकाली आक्रोश रैली
08-Jun-2024 2:28 PM
जैतखाम को क्षतिग्रस्त करने वालों पर कार्रवाई की  मांग, सतनामी समाज ने निकाली आक्रोश रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 महासमुंद, 8 जून। गिरौदपुरी धाम के अमरगुफा स्थित तीन जैतखाम को 15 मई की दरमियानी रात को आरी से काटकर क्षतिग्रस्त करने के विरोध में सीबीआई जांच या उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग के साथ महासमुंद जिले में विभिन्न घटनाओं पर पुलिसिया भेद-भाव को लेकर सतनामी समाज ने विशाल आक्रोश रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

जिले भर के सामाजिक प्रमुख एवं युवा, महिलाएं हजारों की संख्या में पटवारी कार्यालय के एकत्र हुए। यहां सभा के जरिए समाज प्रमुखों द्वारा संबोधित करने के बाद रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पुलिस अधीक्षक के खिलाफ भी नारेबाजी करते हुए एसपी हटाओ महासमुंद बचाओ चिल्लाते रहे।

अंत में कलेक्टर ने सामाजिक प्रतिनिधि मंडल को बुलाकर ज्ञापन के सभी बिंदुओं पर चर्चा की और महासमुंद जिले से संबंधित सभी मामलों पर सार्थक पहल करने का आश्वासन दिया।  ज्ञापन में समाज ने कहा कि गिरौदपुरी की घटना में बिहार से आए तीन मजदूरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, इससे समाज संतुष्ट नहीं हैं। चूंकि इन मजदूरों और जैतखाम का कोई लेना-देना नहीं है। अत: इस घटना के पीछे कोई बहुत बड़ी साजिश लगती है जो छत्तीसगढ़ में अशांति फैलाकर माहौल खराब करना चाह रहे हैं। इससे शासन- प्रशासन की छविभी धूमिल हो रही है।

प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मुलाकात के बाद समाज जनों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि जिला में समाज के सभी मामलों पर सही न्याय नहीं मिलती तो प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया जाएगा। समाज ने अलग-अलग 6 बिंदुओं पर ज्ञापन दिया है, जिसमें यह भी कहा गया है कि सन 2014 में सोना सिल्ली निवासी महेंद्र घृतलहरे की हुई जघन्य हत्याकांड पर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। सरायपाली बिछिया निवासी हेमसागर महिलाने की जेल अभिरक्षा में हुई मौत पर दोषियों के ऊपर कार्रवाई नहीं करने और पांच लाख की मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान पर प्रशासन द्वारा स्वीकृत नहीं करने से नाराजगी है तथा सेवाती के महेश घृतलहरे हत्याकांड पर पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी, अनुसूचित जाति पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में अध्यनरत छात्रा की आत्महत्या  का खुलासा करने के साथ आदित्या हास्पिटल में आपरेशन के दौरान मृत हुए खोलबाहिरन कुर्रे की मामले में तय समय में चालान पेश नहीं करने, मोखा में निवासरत सतनामी परिवार के साथ सरपंच दम्पति द्वारा दंबगई कर गांव छोडऩे मजबूर करने की घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रतिनिधि मंडल में वीरेंद्र ढीढी, दिनेश बंजारे, विजय बंजारे, सत्यानंद जेंड्रे, रेखराम बघेल, तरुण व्यवहार, हीरा जोगी, लिंकन कुरील, संतोष मारकंडेय, नुतन कुर्रे, पार्वती सोनवानी, नीतूरानी बांधे, संतोषी व्यवहार, चित्ररेखा टंडन, उपदेश मारकंडेय, तेजराम चौलिक, हीरा बंजारे, रामेश्वर भारती, खोशिल गेंड्रे, भवन ढीढी, चिंता साय, लखन कुरें, तरुवर कोसरिया, अ श्याम लाल मन्नाडे, सचिन गायकवाड़, प्रकाश टंडन आदि शामिल रहे।


अन्य पोस्ट