महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जून। गुरुवार को वट सावित्री अमावस्या पर सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखा, बाद सति सावित्री की कथा सुनकर व्रत सम्पूर्ण किया।
इस अवसर पर महिलाएं सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रही थी। महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर अपने परिवार की खुशियों के साथ ही पति व पुत्र की दीर्घायु की प्रार्थना की।
इस दौरान दादाबाड़ा वट वृक्ष, हनुमान मंदिर, दुर्गा मंदिर सहित इलाके के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालु महिलाओं की सुबह से ही भीड़ लगी रही। वे वट वृक्ष की परिक्रमा कर पूजा-पाठ करती नजर आईं। क्लब पारा, मोहारी भांठा, नयापारा, गुडरू पारा सहित आसपास के मुहल्लों में भी सुहागिन व्रत पूजन करती नजर आईं।
इस दौरान सती सत्यवान की कथा महिलाओं ने पढ़ी तथा वृक्ष की 108 परिक्रमा करके पति के दीर्घायु की कामना की। शास्त्रों के अनुसार अमावस्या के दिन काल सर्प दोष, पितृदोष और अल्पायु दोष के निवारण के लिए पूजा की जाती है।
इस दिन शनि यम और शंकर भगवान की पूजा की जाती है। साथ ही इस दिन स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। अत: विवाहित स्त्रियों द्वारा पीपल के वृक्ष की दूध, जल, पुष्प, अक्षत, चन्दन इत्यादि से पूजा की।
रायगढ़, 7 जून। वट सावित्री व्रत के अवसर पर महिलाओं ने जगह-जगह पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर सुहागन महिलाओं ने बरगद के पेड़ की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना करते हुए वटवृक्ष की परिक्रमा की और अपने-अपने पति की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने सावित्री और सत्यवान की कथा भी सुनी।
पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं कहा कि यह पर्व पति-पत्नी के बीच अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व हिंदू धर्म की महिलाओं का, सनातन धर्म का एक महत्वपूर्ण व्रत है। यह प्रकृति पूजा का भी पर्व है। इस पर्व में हम सब पेड़ों की पूजा, मिट्टी की पूजा भी करते हैं। इस व्रत को सुहागन स्त्रियां अपने पति की दीर्घायु के लिए करती हैं।
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक इस दिन ही माता सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प और श्रद्घा से यमराज द्वारा अपने मृत पति सत्यवान के प्राण वापस पाए थे। अत: इस व्रत का महिलाओं के बीच विशेष महत्व बताया जाता है। महिलाएं भी इसी संकल्प के साथ अपने पति की आयु और प्राण रक्षा के लिए व्रत रखकर पूरे विधि विधान से पूजा करती हैं। इस दिन वट (बड़, बरगद) का पूजन होता है। इस व्रत को स्त्रियां अखंड सौभाग्यवती रहने की मंगलकामना से करती हैं।