महासमुन्द
नारियल पेड़ में गाज से लगी आग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,3 जून। नवतपा के आखिरी दिन दोपहर ढाई बजे के आसपास प्री मानसून की बौछारें से मौसम खुशनुमा हो गया, लेकिन घर के अंदर उमस से लोग हलाकान रहे। बाहर का मौसम खुशनुमा होने से लोग बाहर निकलकर आनंद ले रहे थे।
इस बार नवतपा के समय पड़ी भीषण गर्मी ने लोगों का जीना हराम कर दिया था। प्री मानसून की बौछार से राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है। हालांकि नवतपा के बाद 5 दिनों तक पंचक में भी काफी गर्मी पड़ती है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 जून के आसपास छग में मानसून की एंट्री हो सकती है। इसके बाद ही गर्मी से लोगों को राहत मिलने के साथ ही कृषि कार्य में भी लोग हाथ बटाएंगे।
महासमुंद नगर समेत आसपास इलाकों में भीषण गर्मी के कारण पारा 44, 45 और 46 डिग्री तक जा पहुंचा था। चर्चा है कि इतनी भीषण गर्मी काफ ी अर्से बाद पड़ी है। जिले में मौसम विभाग द्वारा लगातार हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया जाता रहा है। रविवार 2 जून को बारिश होने की संभावना के साथ ही तापमान 43 डग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान बताया गया था, किंतु प्री मानसून की बौछारों के बाद तापमान 42 डिग्री के उपर नहीं चढ़ पाया।
तेज गर्जना व हवाओं के साथ बारिश के बीच ग्राम लाफिन में अजय साहू के निवास के आंगन में नारियल पेड़ में गाज गिरी, जिससे उसमें आग लग गई, जिसे ग्रामीणों द्वारा बुझाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गर्जना हुई और लोग घर के अंदर जा रहे थे। पलट कर देखा तो नारियल पेड़ जल रहा था। नारियल का पेड़ कुछ देर तक जलता रहा। इसके बाद ग्रामवासियों ने छतों पर चढक़र आग बुझाई।
गर्मी से हलाकान लोग बचने के लिए एसी-कूलर का सहारा लेते रहे। भीषण गर्मी के चलते कूलर भी तीन गुना पानी पी रहा था वही एसी भी वोल्टेज के कारण गरम फेक रहा था इसके बावजूद लोगों ने 10.12 दिनों के भीतर एसी. कूलर की खरीददारी की है।
ज्ञात हो कि गुरू और शुक्र के अस्त होने के कारण 1 मई से मांगलिक कार्य बंद है जिसके कारण दुकानदारों की ग्राहकी कम हो गई थी लेकिन भीषण गर्मी में एसी-कूलर के कारोबार को जमकर चमकाया। प्रिंस मूलचंद लड्ढा ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते कूलर की सर्वधिक बिक्री हुई। अनेक लोगों ने एसी भी डिमांड की, लेकिन पंखें की बिक्री बारिश होने पर उमस से राहत पाने के लिए किया जाता है इसलिए पंखे की बिक्री नहीं के बराबर हुई है।
रविवार दोपहर को हुए मौसम में अचानक परिवर्तन के चलते और तेज गर्जना के साथ हल्की बारिश में लाफिन खुर्द में बिजली चमकी जिससे नारियल के पेड़ पर अचानक आग पकड़ लिया। आग की लपटें काफी तेज थी जिसे आसपास के लोगों ने छत पर चढक़र पानी डालकर पेड़ पर लगी आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया। सरायपाली नगर के बड़े हिस्से में पिछले 8 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रही। लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाने से जनजीवन प्रभावित रहा।