महासमुन्द

नौतपा का अंतिम दिन हीट वेव के चलते महासमुंद में येलो अलर्ट
02-Jun-2024 2:49 PM
नौतपा का अंतिम दिन हीट वेव के चलते महासमुंद में येलो अलर्ट

महासमुंद,2 जून। पिछले 8 दिनों से तप रहा नौतपा का कहर रविवार को 9वें दिन भी जारी है। हालांकि आज सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। कल दिन भर बदली की वजह से सूर्य का तापमान थोड़ा कम रहा। लेकिन आज रविवार के लिये मौसम विभाग ने लू की चेतावनी देते हुए पुन: येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज लू चलने के आसार हैं।

मिली जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से 45-46 डिग्री पर अटका महासमुंद के तापमान में आंशिक गिरावट आई है। कल न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम 44 डिग्री था। इस बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें महासमुंद भी शामिल है। वहीं हीटवेव के चलते प्रदेश में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है।

फिलहाल, रात को 9 बजे तक हीट वेव चल रही है। जिसके चलते लोग गर्मी और उमस से हलाकान हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके अगले 3 दिन तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।


अन्य पोस्ट