महासमुन्द
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज बागबाहरा
ब्लॉक कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 जून। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज बागबाहरा ब्लॉक कार्यकारिणी के नेतृत्व में गठित खल्लारी, सुनसुनिया, लामीसरार, लिटियादादर,सुअरमाल, फिरगी परिक्षेत्र के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण व सम्मान समारोह नवनिर्मित सामाजिक भवन बागबाहरा में रखा गया। मुख्य अतिथि प्रदेशाध्यक्ष आरपी भतपहरी थे।
प्रदेशाध्यक्ष आरपी भतपहरी ने विकसित समाज निर्माण के लिए सांस्कृतिक, सामाजिक व आर्थिक रूप से संस्कारवान होने पर जोर देते हुए कहा कि समाज को शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय के साथ उद्योग में आगे आने की जरूरत है। साथ ही नशापान, फिजूल खर्च से बचेगा तब आर्थिक व संस्कारवान बनेगा। उन्होंने कहा कि सतनाम संस्कृति के पालन से सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जीने से सामाजिक संस्कार का उद्भव होगा।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी सदस्य अश्वनी बबलू त्रिवेंद्र ने अठगंवा कमेटी के पदाधिकारियों को निष्ठावान होकर काम करने कहा। युवा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष दिनेश बंजारे ने अठगंवा कमेटी के माध्यम से गांव के हर व्यक्ति तक पहुंचकर समाज विकास की योजना बनाने की बात कही। महिला प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष व सरायपाली जनपद अध्यक्ष कुमारी भास्कर ने सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की अपील की। जिलाध्यक्ष विजय बंजारे और यूथ जिलाध्यक्ष तरुण व्यवहार ने लोगों को संगठित रहने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महासचिव एसआर बंजारे ने की। अतिथियों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने के बाद प्रदेशाध्यक्ष ने शपथ दिलाई। बाद जिला सचिव रेखराज बघेल ने प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की स्थापना से लेकर जिला में विस्तार तक व अभी किए जा रहे रचनात्मक व संगठनात्मक कार्यों को समाज के बीच रखा।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज पूरे प्रदेश में समाज को संगठित करने का काम कर रही है। एसआर बंजारे ने पदाधिकारियों को संवैधानिक दायरे में रहकर नरनियाव करने को कहा। प्रदेश संरक्षक सदस्य विनोद भारती ने कहा कि यहां कर्मठ पदाधिकारी काम कर रहे हैं। राजमहंत पीएल कोसरिया ने विवाहित जोड़ों के बीच बढ़ते विवाद की संख्या पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि नौकरी और संपत्ति को ही देखकर लडक़ी का रिश्ता तय न करें। बल्कि लडक़े की आदत, आचरण, सात्विकता को प्राथमिकता देकर रिश्ता तय करें।