महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 मई। महानदी रेत घाट खमतराई से रेत चोरी के एक मामले में पुलिस ने 9 लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। घटना 20-21 मई की रात की है।
प्रार्थी सहायक खनिज अधिकारी देवेंद्र साहू खनिज कार्यालय ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 मई की शाम 7 बजे ग्राम खमतराई जिला महासमुंद के महानदी रेत घाट का औचक निरीक्षण किया गया था। तब चैन माउंटेन मशीन द्वारा अवैध रेत को खनन करते मशीन ऑपरेटर जितेन्द्र साहू को पकड़ा गया था। उन्होंने मशीन मालिक का नाम लक्की वर्मा निवासी रायखेड़ा जिला रायपुर का होना बताया। लक्की वर्मा के कहने पर ही रेत उत्खनन करने आना बताया था। इसके बाद चैन माउंटेन मशीन को मौके पर ही सीलबंद किया गया।
इसी रात्रि पुन: सूचना मिली कि ग्राम खमतराई रेत घाट मे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अवैध उत्खनन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस बल को साथ लेकर खमतराई रेत घाट पहुंचा जहां देखा कि चैन माउंटेन मशीन का उपयोग कर घाट से रेत खनन कर दो हाईवा वाहनों में रेत भरा जा रहा है। मौके पर मौजूद 6 व्यक्तियों को पकड़ा गया था। आरोपियों ने अपना नाम ईश्वर चेलक, डीजे माण्डले, लकेश्वर निषाद, सहदीप साहू, महेन्द्र प्रताप सोनवानी एवं भूपेन्द्र सोनवानी बताया।
पूछताछ के दौरान अन्य लोगों के सहयोग से मिलकर अवैध रेत उत्खनन करना स्वीकार किया। अग्रिम जांच कार्रवाई हेतु दिनांक 21 मई 2024 को प्रात: तक एक नग चैन माउंटेन मशीन, दो हाईवा वाहनों को थाना तुमगांव में लाकर सुरक्षार्थ रखा गया। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने पश्चात रेत परिवहन के संबंध में जांच किया गया।
जांच के दौरान हाईवा एवं चैन माउंटेन मशीन के चालकों, आपरेटरों से पूछताछ कर कथन लिया गया। जिसमें पाया कि वाहन मालिक रोहित कुमार यादव पिता एच आर यादव उम्र 44 साल साकिन जोबा, प्रवीण कुमार टण्डन पिता खेमूराम टण्डन के कहने पर रेत उत्खनन करने हेतु गये थे। सम्पूर्ण जांच कार्रवाई पश्चात पाया कि महेन्द्र प्रताप सोनवानी ग्राम बरबसपुर, सुरेश मिरी निवासी सिरपुर,लखेश्वर वर्मा उर्फ लक्की वर्मा निवासी ग्राम रायखेड़ा जिला रायपुर, सहदीप साहू खमतराई, डीजे माण्डले बिरकोनी, भूपेन्द्र सोनवानी बरबसपुर जिला महासमुंद, प्रवीण कुमार टंडन ग्राम बरेकेल कला, रोहित कुमार यादव निवासी जोबा कला महासमुंद, ईश्वर चेलक उम्र 32 वर्ष निवासी बिरकोनी समेत छह लोगों द्वारा एक राय होकर अवैध रूप से रेत चोरी की जा रही थी।