महासमुन्द
वन विभाग-पुलिस टीम ने हटाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मई। बसना वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नाम सलखंड के जंगल में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा हटाया है।
चिलचिलाती धूप में बसना, सरायपाली की वन विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सलखंड गांव से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित कक्ष क्रमांक 321 में लगभग 3 एकड़ से भी ज्यादा की भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान सलखंड निवासी नंदकुमार मिर्धा को भारी मात्रा में अवैध रूप से वन विभाग की भूमि को खोद कर अवैध रूप से ईंट का निर्माण करते हुए पाया गया। वह अवैध रूप से बिजली चुराकर सबमर्सिबल पंप भी चलाते पाया गया। मामले में वन विभाग की टीम ने लकड़ी समेत सभी सामानों को बरामद कर मामले को विवेचना में लिया है।
इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी बसना सुखराम निराला ने बताया कि डीएफ ओ, कलेक्टर के फ र्जी हस्ताक्षर से अवैध अतिक्रमण भूमि का पट्टा बनाकर स्वयं कब्जा कर लिया गया है। जिसे नियमानुसार 0.61 हे. जमीन का विधिवत पट्टा प्रदाय किया गया है। आरोपी डीएफ ओ एवं कलेक्टर का फर्जी हस्ताक्षर कर 2.51 हे. जमीन का फर्जी पट्टा बनाकर 8.10 एकड़ जमीन पर कब्जा कर रहा था। जिसमें कई इमारती लकड़ी को काटकर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। कार्रवाई जारी है।