महासमुन्द
महासमुंद, 28 मई। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने ऑनलाइन शॉपिंग की बढ़ती प्रवृति को स्थानीय व्यवसाय के लिये खतरनाक बताते हुए कहा है कि स्थिति नहीं सुधरी तो स्थानीय व्यवसायियों की दुकानें बंद हो जाएगी। कुछ तो पहले ही बंद हो चुकी है। चेम्बर ने नागरिकों से स्थानीय दुकानों से खरीददारी करने का अनुरोध करते हुये शासन से भी व्यवसायियों के हित में सकारात्मक क़दम उठाने की मांग की है।
कल जारी एक विज्ञप्ति में चेम्बर के अध्यक्ष शंभू साहू, राधेश्याम शर्मा, हेमंत सोनी, साहिल शर्मा, उमेश चन्द्राकर,सतीष गोतमारे आदि ने बताया कि शहर के छोटे एवं मध्यम व्यवसाय, दुकान लॉक डाउन के बादे से ठीक से नहीं चल रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान व्यवसाय बंद था। लिहाजा अपनी जमा पूंजी से ही व्यवसायी गुजारा कर रहे थे। इसी दौरान वेतनभोगी वर्ग ने ऑनलाइन सामान मंगवाना शुरू किया। साथ-साथ दूसरे लोगों ने भी इसे अपना लिया।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने स्थानीय दुकानों से खरीदी करने का किया अनुरोध करते हुए लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन शॉपिंग का उपयोग कम से कम करने तथा अपने आस-पड़ोस की अपने शहर की दुकनों से ही अधिकतम सामान खरीदकर स्थानीय दुकानदारों की सेवा का अवसर प्रदान करने का निवेदन किया है। चैम्बर के पदाधिकारियों ने कहा कि स्थिति नहीं सुधरी तो उनकी दुकानें बंद हो जायेगी। कुछ तो पहले ही बंद हो चुकी है। विज्ञप्ति में अनेक दुकानदारों के हस्ताक्षर हैं।