महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 मई। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना अंतर्गत ग्राम चट्टीगिरोला में लगभग 4 वर्ष पूर्व सितंबर 2020 में एक महिला को दहेज के लिए प्रताडि़त किये जाने पर उसने फ ांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। महिला के मायके पक्ष के शिकायत पर पुलिस ने उसके पति, सास व ससुर के विरूद्ध अपराध कायम किया था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। उक्त मामले में फैसला सुनाते हुए न्यायाधीश शोभना कोष्टा प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सरायपाली ने उक्त आरोपियों को 7-7 वर्ष के सश्रम कारावास से दंडित किया है।
इनमें से एक आरोपी महिला के ससुर की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है। अतिरिक्त लोक अभियोजक आरएल पटेल से मिली जानकारी अनुसार विगत 1 सितंबर 2020 को ग्राम चट्टीगिरोला में रानी दास ने घर के स्वयं के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतिका के मायके पक्ष ने शिकायत की थी कि उसके पति राकेश उर्फ भूपेन्द्र दास, ससुर कुलमणी दास एवं सास सेवती दास द्वारा उसे अक्सर दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था। मृत्यु के कुछ देर पूर्व भी दहेज संबंधी मांग को लेकर उसके साथ क्रूरता की गई थी। साथ ही ससुराल पक्ष पर यह भी आरोप लगाया गया था कि उनके द्वारा ही महिला को फांसी लगाकर उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने दोनों ही परिस्थितियों पर धारा 304 बी, 34 एवं धारा 302-34 के तहत मामले की विवेचना शुरू की थी। विवेचना के उपरांत पुलिस ने अभियोग पत्र तैयार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था। जिस पर न्यायालय में मामले पर संपूर्ण विचारण के पश्चात् यह प्रमाणित हुआ कि मृतिका को विवाह के पश्चात् से ही दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था और मृत्यु के पूर्व भी उसके साथ क्रूरता प्रमाणित हुआ।
हालांकि धारा 302 के तहत मृतिका की हत्या किया जाना प्रमाणित नहीं हो पाया। अत: सभी परिस्थितियों को देखते हुए न्यायाधीश श्रीमती कोष्टा ने मृतिका के पति व सास को 7-7 वर्ष के सश्रम कारावास से दंडित किया है। मामले के तीसरे आरोपी उसके ससुर की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी है।