महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मई। महासमुंद जिले के राशन दुकानों से भारत आटा, भारत चना, दाल व भारत चावल गायब है। आम जनता को महंगाई से राहत दिलाने के उद्देश्य से केन्द्र सरकार ने अक्टूबर 2023 में भारत आटा, भारत चना, दाल व भारत चावल लांच किया था। जिन्हें मोबाइल वैन, सोसायटी तथा निजी खुदरा दुकानों के माध्यम से आमजनों तक पहुंचाया जाना था।
महासमुंद जिले में महज एकाध खेप ही ये उत्पाद पहुंचे, इसके बाद ये सारे सामान बाजार से ही गायब हो गये। फलस्वरूप अब लोगों को बाजार से अधिक कीमत पर महंगा आटा लेना पड़ रहा है। जबकि भारत आटा मात्र 27.50 रुपए किलो दाम पर लोगों को मिल रहा था। इसी तरह भारत चना दाल भी लोगों को 60 रुपए किलो में मिल रहा था। ये सारे खाद्य सामग्री अब बाजार से गायब हो गया है।
ऐसा माना जा रहा है कि मांग अधिक होने की वजह से इसकी बाजार में कमी हो गई है। इसे लांच करने की मंशा थी कि छोटे फ्लोर मिल तथा महिला स्वसहायता समूहों के पास से पैकेजिंग होने के बाद यह सोसायटियों तथा ओपन बाजार में इसकी बिक्री हो। इसे लेकर शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में बिना राशन कार्ड के दिया जाना था।
शासकीय राशन दुकान के वितरक हुसैन बागड़ी ने बताया कि भारत आटा, चना दाल शासकीय राशन दुकानों के माध्यम से बेचा जाता तो वितरक इसमें अवश्यही रुचि दिखाते। लेकिन ओपन बाजार में भी मोबाइल वैन के इसकी बिक्री की जा रही है। ऐसे में हमारे माध्यम से तथा निजी दुकानों के माध्यम से कौन लेगा? फलस्वरूप सरकारी राशन दुकानों में वितरक केवल चावल, शक्कर, नमक की बिक्री कर रहे हैं।
मालूम हो कि जिले की 3 एजेंसियों सहकारी समितियों नेफेड, एनसी सीएफ और केंद्रीय भंडार के माध्यम से मोबाइल वैन और 2 हजार से अधिक दुकानों में बेचा जा रहा था। उन्होंने इन सामानों की बिक्री को लेकर रूचि नहीं दिखाई। फलस्वरूप अब यह स्थिति है कि पिछले 6-7 माह से ये सारे सामान गायब हैं। भारत आटा गुणवत्ता और स्थान के आधार पर सब्सिडी वाली दर, मौजूदा बाजार दर 36.70 रुपए प्रति किलोग्राम से कम है। मूल्य स्थिरीकरण कोष योजना के तहत कुछ दुकानों में इन सहकारी समितियों के माध्यम से 29.50 रुपए प्रति किलोग्राम पर जिले भर में भारत आटा की प्रायोगिक बिक्री की थी। बाद औपचारिक तरीके से शुरुआत की गई।
पता चला है कि भारत आटे के परीक्षण के दौरान गेहूं के आटे की बिक्री कम थी। क्योंकि इसे केवल कुछ दुकानों के माध्यम से खुदरा बेचा गया था। अब तीन एजेंसियों की 8 सौ मोबाइल वैन और 2 हजार दुकानों के माध्यम से बेचा जा रहा है। लेकिन फिलहाल इसकी आवक नहीं है।