महासमुन्द

महासमुंद की 204 स्कूलों की मरम्मत साल भर में पूरी नहीं
22-May-2024 3:33 PM
महासमुंद की 204 स्कूलों की मरम्मत साल भर में पूरी नहीं

नए शिक्षा सत्र शुरू होने में माह भर बचे

मरम्मत के बीच ही स्कूल आते रहे विद्यार्थी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मई।
महासमुंद जिले के जर्जर स्कूलों में चल रहा मेंटेनेंस और नवनिर्माण कार्य अब तक अधूरा है। जबकि इसे काफी पहले पूर्ण हो जाना था। करीब 204 स्कूलों में अभी भी काम अधूरा है। वहीं नए शिक्षा सत्र के शुरू होने से पहले काम नहीं हुआ तो विद्यार्थियों को काफी परेशानी होगी। शासन की महत्वपूर्ण योजना विद्यालय निर्माण व मरम्मत कार्य के लिए अपर कलेक्टर रवि साहू, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व उमेश साहू सहित अन्य अधिकारियों ने 17 मई को एक बैठक लेकर निर्माण काम पूरे करने के निर्देश दिए थे। 

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान लंबित निर्माण कार्यों को विशेष प्राथमिकता के साथ नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ होने से पहले पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया था ताकि बच्चों को पूर्ण और सुरक्षित भवन और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राप्त हो सके। निर्माण एजेंसी द्वारा निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण नहीं करने पर उच्च अधिकारियों ने नाराजगी जाहिर कर समय सीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए गए थे।

शिक्षा विभाग के सहायक संचालक सतीश नायर ने बताया है कि जिन स्कूलों में निर्माण अधूरा है, वहां कार्य अंतिम पड़ाव पर है। काम में तेजी आई है और 31 मई तक पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। सालभर से चल रहे मेंटेनेंस कार्य के चलते बीते सत्र में  विद्यार्थियों को पहले ही समस्याओं का सामना करना पड़ा है। अब इसी माह में कार्य पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

जानकारी अनुसार पिछले सत्र में स्कूल खुलने से पहले मरम्मत व भवन बनाने के निर्देश दिए गए थे पर राशि आवंटन और टेंडर में देरी की वजह से काम प्रभावित हुआ। पहले चरण की पूरी राशि नहीं मिल पाई। पिछले साल स्कूल जतन योजना के तहत शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले ही स्कूलों से प्रस्ताव मंगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। सालभर पहले गर्मी की छुट्टियों के दौरान ही काम भी शुरू करा दिया था पर अब तक पूरा नहीं हो सका। निर्माण कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और गृह निर्माण मंडल करवा रहा है। 

शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में कुल 518 स्कूलों में मेंटेनेंस व अतिरिक्त कक्ष निर्माण जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। अब तक 314 स्कूलों में कार्य पूर्ण हो गया है। वहीं 204 स्कूलों में कार्य अभी भी चल रहा है। स्कूलों में मेंटेनेंस व अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य तीन चरणों में हुआ है। पिछले साल मई में पहले चरण का कार्य शुरू हो गया था। इसके बाद राशि जारी होने के साथ-साथ दूसरे और तीसरे चरण का कार्य भी पूर्ण कराया गया। पहले चरण में टेंडर और राशि आवंटन में देरी होने के कारण कार्य प्रभावित हुआ। 
 


अन्य पोस्ट