महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मई। महासमुंद शहर के मुख्य मार्ग एनएच-353 में ओवरब्रिज के पास देर रात एक ट्रक पलट गया। स्टेयरिंग में कुछ समस्या आने के कारण वाहन पलटने की जानकारी मिली है। घटना में चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। वहीं सुबह से शाम तक बीच रास्ते में ट्रक के पलटने से रास्ते को वन-वे किया गया जिससे शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। शाम को क्रेन के माध्यम से वाहन को साइड किया गया, फिर उस ओर यातायात बहाल हुई।
जानकारी के अनुसार एक ट्रक का चालक संजीव मिश्रा मिसाइल डिब्बा लोड कर रायपुर से रात में ओडिशा टिटलागढ़ के लिए रवाना हुआ था। रात करीब ढाई बजे शहर के अंबेडकर चौक से आगे स्टेयरिंग जाम होने से अनियंत्रित होकर पलट गया। इस कारण सामने का शीशा फूट गया और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
ट्रक की ऑइल टंकी फ टने से उसका ऑइल रास्ते में बिखर गया। ट्रक के बीच रास्ते में पलटने से यातायात विभाग ने अंबेडकर चौक से ओव्हर ब्रिज के मुहाने तक का रास्ता बंद कर दिया और ट्रेफिक को वन.वे कर दिया। इस कारण दिन में जाम की स्थिति बनी रही।
यातायात डीएसपी घनेंद्र ध्रुव ने बताया कि जैसे ही दूसरे ट्रक में सामान लोड हुआ, फिर क्रेन के माध्यम से ट्रक को खड़ा करके साइड किया गया। फिर वाहनों के आवागमन के लिए रोड को शाम को खोल दिया।