महासमुन्द
दूसरे दिन अपरान्ह बिजली बहाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मई। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम परसकोल में ग्रामीण रात भर ब्लैक आउट से परेशान रहे। यह घटना ग्राम पंचायत मचेवा के आश्रित ग्राम परसकोल की है, जहां 20-21 मई की रात 110 घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गये और गांव भर की बिजली गुल हो गई। इससे लगभग साढ़े तीन लाख रुपए का नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। रात 9.30 बजे से गुल हुई बिजली मंगलवार की दोपहर 3 बजे के बाद बहाल हो सकी। बिजली गुल के दौरान रात भर लोगों को भीषण गर्मी के कारण सडक़ और गलियों में चहलकदमी करते देखा गया।
मालूम हो कि इन दिनों हर शाम हवा, अंधड़ का माहौल निर्मित हो रहा है। सोमवार की रात भी जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामों में मौसम खराब होने की वजह से हवा चल रही थी। इस बीच परसकोल से लगे ग्राम लाफिन में भी बारिश हुई। इसी बीच परसकोल के प्राथमिक शाला के समीप अंधड़ की वजह से 2 फेस की बिजली तार आपस में टकराने की वजह से लोगों के घरों में चल रहे कूलर,पंखे, बल्ब, इंडक्शन, कुकर आदि एकाएक फ्यूज उड़ गये। अनेक घरों के आगजनी जैसी घटना बाल-बाल टल गई।
ग्रामीणों के अनुसार जिस समय यह घटना घटी, उस समय अनेक ग्रामीण अपने घरों में आराम कर रहे थे। जैसे-तैसे लोग अपने घरों से बाहर निकले तो पता चला कि 4-5 घर नहीं बल्कि गांव के 110 घरों के कूलर, पंखे उड़ गये हैं और इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में आग लग गई है।
गौरतलब है कि बिजली विभाग हर साल गर्मी में तार पोल सहित जरूरी बिजली उपकरणों की मेंटनेंस करता है। हाल ही में 6 माह पूर्व ही विभाग ने ग्रामीण और शहरी इलाके के तारों को मेंनटेंस किया था। लेकिन परसकोल के हवा में झूल रहे तारों को किसी ने नहीं देखा। यहां जिस स्थान से बिजली का तार गुजरा है, वह सार्वजनिक स्थान है। यहां अक्सर ग्राम के बुजुर्ग, युवा आदि बैठकर मनोरंजन करते हैं। यहीं पर शासकीय प्राथमिक शाला भी है। यह तो अच्छी बात है कि घटना रात की है और स्कूल बंद है। यदि स्कूल चलती रहती तो कोई बड़ी घटना भी घट सकती थी।
ग्रामीणों के अनुसार अधिकांश घरों में इस साल गर्मी से निपटने नये कूलर, पंखा लगवाया है। अब भीषण गर्मी में उन्हें कूलर, पंखे सुधरवाने के लिये पैसे तो लगेंगे ही साथ ही उनका समय भी खर्च होगा। बिजली बंद के दौरान वासी नारद चन्द्राकर ने बताया कि बीती रात से ही ग्राम में बिजली गुल थी। तार आपस में टकराने की वजह से शॉर्ट हुआ और पंखे, कूलर उड़ गये। इस बीच ग्रामीण लगातार बिजली दफ्तर फ ोन लगाते रहे, बावजूद इसके दूसरे दिन अपरान्ह ही विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
गांव निवासी रिटायर्ड शासकीय कर्मचारी चन्द्रशेखर चन्द्राकर के मुताबिक विगत 2 सालों से विद्युत मंडल को तारों के बीच बांस लगाने के लिये पत्र व्यवहार किया जा रहा है। लेकिन विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। गांव से गुुजरनेवाली बिजली तार में अनेक स्थान ऐसे हैं जहां अक्सर तार टकराने की संभावना बनी रहती है। परसकोल मचेवा के आश्रित ग्राम में आता है। फलस्वरूप इस ग्राम के साथ दूजा व्यवहार किया जाता है। मचेवा में हाल ही में नया सब स्टेशन की स्थापना की गई है और आश्रित गांव परसकोल में जरा सी अंधड़ में बिजली गुल हो जाती है।