महासमुन्द
कहा-उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 मई। जिले के ग्राम सेवती निवासी महेश घृतलहरे हत्याकांड, छात्रावास में अध्यनरत नीलम टंडन खुदकुशी एवं आदित्य हास्पिटल में ऑपरेशन के दौरान खोलबाहरिन कुर्रे की मौत पर दर्ज मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज पीडि़त परिवारों के साथ विकासशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक आशुतोष सिंह से मुलाकात कर आवेदन दिया।
आवेदन में समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि बागबाहरा थाना क्षेत्र के रेवा में सेवाती निवासी महेश घृतलहरे की हत्या व उनके अन्य दो साथियों के साथ हुए प्राणघातक हमले के आरोप में पुलिस ने गवाहों व साक्ष्य के आधार पर पांच लोगों को पूछताछ के लिए थाना में लाया था। घटना के दो दिन तक पुलिस ने इसका अधिकृत खुलासा नहीं किया। इसके बाद इस मामले के एक आरोपी गणेश देवांगन जो मुख्य आरोपी देवांगन का पिता है, को छोड़ दिया गया और एक अपचारी बालक व तीन अन्य को आरोपी बनाया गया है। जबकि गांव वालों के अनुसार गणेश देवांगन उक्त मामले में शामिल रहा है। साथ ही एक को गवाह चोट लगी है। जिस पर पृथक से एफआईआर लिखे जाने व गणेश की गिरफ्तारी के साथ अन्य अधिकारी से पुन: जांच कराने की मां्ग की गई है। आवेदन में कहा गया है कि आदित्य अस्पताल में प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत काफी संदिग्ध होने के बावजूद आरोपित डॉक्टर को बचाने के लिए पुलिस ने जान बूझकर समय सीमा में चालान पेश नहीं किया है। इस अस्पताल में 23 सितम्बर 2023 को ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही से खोलबाहरिन कुर्रें पति रामलाल कुरें तेंदुलोथा बागबाहरा निवासी की मौत हो गई थी। जिस पर भी थाना में अपराध दर्ज किया गया। परंतु आज तक पीएम रिपोर्ट की जानकारी परिजनों को नहीं दी गई। तीसरा मामला महासमुंद थाना क्षेत्र में अनुसूचित जाति पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास में रहने वाली नीलम टंडन का है। उन्होंनं कुलदीप सिंह राठौड़ नाम के लडक़े के दबाव में आकर 22 फरवरी 2023 को जहर खा लिया था और इलाज के दौरान 3 मार्च 2023 को मौत हो गई थी। जिस पर थाना व एसपी के पास परिजनों के साथ समाज द्वारा आरोपी के खिलाफ कार्रवाही करने आवेदन दिया गया था।
परंतु एक साल बाद भी मामले का खुलासा नहीं किया गया। समाज के लोगों को लगने लगा है कि समाज पुलिस भेदभाव कर रही है। अत: निवेदन है कि तीनों मामलों में उचित जांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उचित कार्रवाई न होने की स्थिति में समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
एसपी से मुलाकात करने वालों में मृतक महेश घृतलहरे की पत्नी व गवाहों के साथ परिजन, मृतक खोलबाहरिन के पुत्र, मृतक नीलम के पिता व प्रगतिशील छग सतनामी समाज के युथ प्रदेशाध्यक्ष दिनेश बंजारे, जिला सचिव रेखराम बघेल, युथ जिलाध्यक्ष साकित व्यवहार, प्रवक्ता विजय मिर्चे, बागबाहरा ब्लॉक अध्यक्ष चिंता साना प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।