महासमुन्द

जिले के 9 थानों में की जाएगाी पैरा-लीगल वालंटियर्स की नियुक्ति
15-May-2024 2:41 PM
जिले के 9 थानों में की जाएगाी पैरा-लीगल वालंटियर्स की नियुक्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 मई। जानकारी मिली है कि अब जिले के 9 थानों में लोगों को कानून की जानकारी मिलेगी। इसका लाभ उन लोगों को होगा जो अपनी शिकायत को लेकर थाना आते हैं। साथ ही एफ आईआर दर्ज कराने से पहले उन्हें नि:शुल्क कानूनी मदद भी मिलेगी। इसके लिए जिले के 9 थानों में पैरा-लीगल वालंटियर्स पीएलवी की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ये पीएलवी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के देखरेख में काम करेंगे।  मालूम हो कि छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्चतम न्यायालय के द्वारा रेट पिटिशन बचपन बचाओ आंदोलन विरूद्ध यूनियन ऑफ इंडिया व अन्य में पारित आदेश के अनुसार गुमशुदा बच्चों और बच्चों के खिलाफ होने वाले अन्य अपराधों के लिए थाना पटेवा, तुमगांव, खल्लारी, तेन्दूकोना, सिघोड़ा, बसना, कोमाखान, यातायात और अजाक थाना में एक-एक पैरालीगल वॉलंटियर को नियुक्त किया जाएगा। इन पदों की भर्ती के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन मंगाए गए हैं। पैरालीगल वॉलेंटियर का कार्यदिवस एवं मानदेय के संबंध में नालसा एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा निर्धारण के अनुसार मानदेय का भुगतान किया जाएगा। पैरालीगल वॉलेंटियर के नियुक्ति के लिए आवश्यक योग्यता कक्षा बारहवीं उत्तीर्ण, स्नातक समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। कम्प्यूटर का ज्ञान, मोबाइल एवं इंटरनेट इलेक्ट्रीशियन, वाहन चालन का ज्ञान होना आवश्यक है। आरक्षी केंद्र थानों से संबंधित एवं उनके नजदीक के युवक, युवतियां, समाजसेवी, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी को प्राथमिकता दी जाएगी। इन पदों के लिए 31 मई शाम 5 बजे तक जिला न्यायालय परिसर स्थित कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद में आवेदन किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट