महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 मई। महासमुंद जिले के सरायपाली विधानसभा अंतर्गत एक बूढ़ा डोंगर है जहां एक पर्वत है जिसका नाम शिशुपाल है। यहां अब पिकनिक स्पॉट और ट्रैकिंग पॉइंट हैं। लेकिन बहुत ही कम ही लोग ही जानते हैं कि इसके पीछे एक किवदंती यह भी है कि फुलझर का राजमहल श्रापित है और यहां रानियां जलमग्न हुई थीं। राजमहल और राजारानी कैसे श्रापित हो गए थे, इसके बारे में विशवनाथ पाणिग्रही बताते हैं कि वर्तमान में शिशुपाल पर्वत एक पिकनिक स्पॉट और ट्रैकिंग पॉइंट है। पहले यह एक गौरवशाली स्थान था। यह कथा प्रचलित है कि अंग्रेजों के आक्रमण में राजा की मौत के बाद उनकी सभी सात रानियां घोड़े में सवार होकर आंखों में पट्टी बांधकर शिशुपाल पर्वत से छलांग लगा दी थी। इसीलिए इसका नाम घोड़ाधार पड़ा।
श्री पाणिग्रही कहते हैं-सच तो यह है कि यहां भैना राजाओं का इतिहास गौरवपूर्ण रहा है। शिशुपाल पर्वत की ऊंचाई समुद्र तल से हजारों फिट ऊपर है। यहां आज पिकनिक स्पॉट है और उसके ऊपर और भी कई किलोमीटर क्षेत्र में शिशुपाल पर्वत फैला पहाड़ राजाओं और सैनिकों के लिए एक अभेद किला था। इस किले में शस््त्र, सैनिक और गुप्त सुरंगे थे। अंग्रेजों के आक्रमण के समय राजा और रानियां भाग भी सकते थे। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। राजा के मारे जाने के बाद उनकी 7 रानियों ने मर्यादा की रक्षा के लिए घोडा़ें पर सवार होकर 1 हजार फ ीट की चोटी से छलांग लगा दी।
यहां एक प्राचीन शिव मंदिर हैं। भगवान शिव को समर्पित इस मंदिर के बाहर आज भी मकर संक्रांति के अवसर पर विशाल मेला लगता है। हज़ारों की संख्या में श्रृद्धालु यहां आते हैं। कहते हैं इस सूर्यमुखी मंदिर में पहले हनुमान सिक्का जड़ा हुआ था। जिसे बहुत शक्तिशाली और प्रभावशाली माना जाता था। लेकिन अब यह सिक्का यहां से गायब है। यहां एक बहुत लंबी सुरंग है। नदी की रेत ने अब इस सुरंग का मार्ग अवरुद्ध कर दिया है लेकिन स्थानीय निवासी बताते हैं कि सुरंग के भीतर अब भी राजा के अस्त्र-शस्त्र पड़े हुए हैं। यहां पर्वत पर एक बहुत गहरी गुफा है। गुफा इतनी विशाल है कि सैकड़ों लोग एक साथ विश्राम करने के लिए भीतर बैठ सकते हैं। कुछ सौ मीटर की चढ़ाई करने के बाद यहां एक छोटा सा हनुमान मंदिर है। स्थानीय लोग बताते हैं कि इस पंचमुखी हनुमान मंदिर तक पहुंचकर लोग थोड़ा सुस्ता सकें इसके लिए ग्रामीणों ने बड़ी मेहनत की है। वे जब मंदिर के मेले में जाते हैं तो एक थैले में रेत और एकाध ईंट ले आते हैं। और यहां उसको बिछा देते हैं। इससे पर्वत पर चढऩे वालों के लिए थकने पर थोड़ा बैठने की जगह बन गई है।
इस पर्वत के इर्द-गिर्द बहुत सी आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां देखी जा सकती हैं। शतावर और अश्वगंधा खासकर यहां बहुत अच्छी मात्रा में हैंं। शिशुपाल पर्वत को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाने की तैयारियां शुरू हो ही चुकी हैं। हालांकि पहले से भी यहां पर्यटक आते रहे हैं। लेकिन आगे सुविधाएं और बेहतर होंगी। यदि आप भी शिशुपाल पर्वत की ट्रिप प्लान करते हैं तो आप छत्तीसगढ़ के महासमुंद रेलवे स्टेशन पर उतर सकते हैं। या फिर विवेकानंद हवाई अड्डे रायपुर तक आने के बाद कैब से आगे का सफर कर सकते हैं।



