महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद,12 मई। जिला मुख्यालय से लगे तुमाडबरी में जा रहे गंदे पानी को अब वापस शहरी क्षेत्र में डायवर्ट किया जाएगा। इस हेतु तुमाडबरी से शहर के मुख्य नाले तक 100 से 120 मीटर की नाली बनाई जा रही है। शनिवार से ही नाली निर्माण का काम शुरू किया गया है। नाली से निकास होकर गंदा पानी नाले से होते हुए अयोध्या नगर के वाटर ट्रिटमेंट प्लांट पहुंचेगा। जहां से शुद्धिकरण पश्चात यह पानी खेतों या फिर निर्माण कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा।
शनिवार को नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, कलेक्टर प्रभात मलिक, सीएमओ टॉमसन रात्रे, स्वच्छता प्रभारी नौशाद बख्श, अतिक्रमण हटाओ प्रभारी दिलीप चंद्राकर सहित पालिका की टीम ने तुमाडबरी स्थित जिस स्थान पर गंदा पानी जाम हो रहा था, का निरीक्षण किया। इसके बाद इस समस्या का समाधान करने के लिये इस गंदे पानी को वापस शहरी क्षेत्र में डायवर्ट करने का निर्णय लिया। अब कल से ही नाली निर्माण के लिए खोदाई कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। महज पखवाड़े या माह भर में ही तुमाडबरी वासियों को इस गंदे पानी से मुक्ति मिल जाएगी। मालूम हो कि नगर पालिका क्षेत्र नयापारा के वार्ड 04 एवं 05 का गंदा पानी तुमाडबरी रिहायशी इलाके में जाम होता जा रहा था। इससे न केवल गंदगी फैल रही थी बल्कि दुर्गंध तथा मच्छर भी बड़ी मात्रा में पनप रहे थे। यह गंदा पानी कुछ हैंडपंपों तथा बोर में भी रिस रहा था। इससे बीमारियां फैल रही थी। ग्रामवासी उल्टी, दस्त, पीलिया से ग्रसित होने लगे थे। इसे लेकर 04 अप्रैल को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को अवगत कराया गया था। वहींए बाद 07 मई को ग्रामीणों ने कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा था। इस पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों ने 13 मई को तुमगांव मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के समीप चक्काजाम करने की चेतावनी दी। चेतावनी देते ही आज जिला प्रशासन व पालिका प्रशासन के लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थल का मुआयना किया तथा आज से नाली का काम शुरू किया। अब तुमाडबरी से मुख्य मार्ग स्थित नाले तक लगभग 120 मीटर लंबी एक नाली बनाई जा रही है। नाली से होते हुए पानी नाले में पहुंचेगा फिर वाटर ट्रिटमेंट प्लांट में जाएगा। इससे गंदगी का पूर्णत: निपटारा हो जाएगा। यहां के अलावा शहर में अनेक इलाके हैं जहां यही स्थिति है। लेकिनए इस ओर किसी का ध्यान नहीं गया। शीघ्र नाली निर्माण का काम शुरू हो जाएगा-सीएमओ टॉमसन रात्रे नगर पालिका अधिकारी, महासमुंद का कहना है कि नाली निर्माण करने के लिए जेसीबी के माध्यम से खोदाई की जा रही है। शीघ्र नाली निर्माण का काम शुरू हो जाएगा तथा तुमाडबरी वासियों का इस समस्या से मुक्ति मिलेगी।