महासमुन्द
आदिवासी बहुल इस गांव में सूख चुके पानी के सारे स्त्रोत, स्कूल में एक सरकारी बोर है लेकिन हर वक्त दरवाजे पर ताला लटका रहता है
महासमुंद,12 मई। भीषण गर्मी के बीच आसपास के जल स्त्रोतों के सूख जाने के कारण आदिवासी बहुल ग्राम बोरिद के ग्रामीण गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर नाले में गड्ढा खोदकर झिरिया का पानी पी रहे हैं। महिला सरपंच किसी भी ग्रामीण से बात नहीं करती। सरपंच पति शिक्षक हैं और हर वक्त वे ड्यूटी में रहते हैं। गांव के स्कूल में एक सरकारी बोर है लेकिन हर वक्त स्कूल के दरवाजे पर ताला लटका रहता है। गांव में निस््तारी का तालाब है। इस तालाब में थोड़ा बहुत पानी है जो निस्तारी के लायक नहीं हैं।
चूंकि यह गांव जंगल के बीच बसा है, इसलिए प्यासे वन्यजीव इसी तालाब में पानी पीने पहुंचते हैं। गांव वालों को इस तालाब के पास झिरिया बनाने में आपत्ति हैं। ये कहते हैं कि वन्यजीवों को जहर आदि देकर मारने का क्रम चलते रहता है। ऐसे में कोई वन्यजीव जहर खाकर तालाब में पानी पीने आता है तो लोगों की मौत हो सकती है। परिवार की जिंदगी बचाने के लिए उन्होंने गांव से दो किलोमीटर दूर नाले की ओर रुख किया। अब नाले का पानी भी सूख चुका है। लिहाजा झरिया बनाकर बूूंद-बूंद पानी एकत्र करते हैं। हर रोज सुबह से लेकर शाम तक यह सिलसिला जारी रहता है। गांव के कई लोगों को नहाने तक के लिए पानी नहीं मिल रहा है।
यह हकीकत जिला मुख्यालय से करीब 60 किमी दूर ग्राम पंचायत चुहरी के आश्रित ग्राम बोरिद की है। इस गांव की आबादी 450 है। अधिकांश ग्रामीण जनजाति वर्ग से हैं। गर्मी बढऩे के बाद पिछले कुछ दिनों से यहां के ग्रामीण पेयजल और निस्तारी की समस्या से जूझ रहे हैं।
गांव व आसपास के जल स्त्रोतों से पानी नहीं मिलने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। ग्रामीण रोजाना पानी भरने के बर्तन लेकर 2 किलोमीटर दूर स्थित एक नाले पर पहुंच रहे हैं। वहां रेत में बड़ा सा गड्ढा खोदकर उसमें बूंद-बूंद पानी एकत्र होने की प्रतिक्षा करते हैं। जैसे-जैसे पानी एकत्र होता है, वैसे-वैसे एक-एक ग्रामीण इस झिरिया से अपने बर्तन में पानी एकत्र करता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सरपंच बंदेश्वरी ध्रुव व जनप्रतिनिधियों को तत्संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन बेनतीजा रहा। गांव में नल-जल योजना के तहत पानी टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन बिछाने का काम भी हो चुका है, लेकिन बोर खनन नहीं किए जाने के कारण इसका लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।
सरपंच बंदेश्वरी ध्रुव से ‘छत्तीसगढ़’की कोई बात नहीं हो सकी, लेकिन उनके पति सरपंच प्रतिनिधि हैं और पेशे से शिक्षक हैं, से बात हुई। सरपंच प्रतिनिधि भागीरथी ध्रुव का कहना है कि महीने भर पहले विभाग से संपर्क किया गया था। गांव वालों को स्कूल के बोर से पानी भरने कहा गया था लेकिन वे कहते हैं कि सरकारी बोर का पानी नहीं पिएंगे।
इससे ठीक उल्टा बोरिद के ग्रामीणों ने सरपंच पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। गांव वाले कहते हैं कि स्कूल के दरवाजे में सरपंच ताला जड़ देता है ताकि गांव वाले पानी न पी सकें। इस पर सरपंच ने आचार संहिता का हवाला देते हुए अपनी बात खत्म कर दी।
शनिवार को स्वास्थ्य पंचायत समन्वयक हेमवती यादव, मितानिन कृष्णा देवदास, अरूणा ध्रुव, सहायिका सोनकुंवर ध्रुव एवं मितानिन प्रशिक्षक भुनेश्वरी ध्रुव ने गांव भ्रमण कर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि तालाब में निस्तारी के लिए पानी नहीं है। स्कूूल में बोर है लेकिन बाउंड्री गेट में तााला लगा हुआ है। पानी के लिए गांव में त्राहि-त्राहि हो रहा है। सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि यदि आचार संहिता खत्म होने का इंतजार करेंगे तो इसका भयंकर परिणाम सामने आ सकता है।
तत्काल बोर खुदाई शुरू करें-कलेक्टर
कलेक्टर प्रभात मलिक ने इस खबर को तत्काल संज्ञान में लेते हुए पीएचई विभाग को अलर्ट किया है और कहा है कि यदि स्थिति यहां तक पहुंची है तो बोरिद में तत्काल बोर खुदाई शुरू करें। स्कूल के बोर को चौबीसों घंटे के लिए खोलकर रखें ताकि पानी की समस्या का समाधान हो सके। अविलंब बोरिद के ग्रामीणों को सहयोग की दरकार है। जिले का कोई भी अधिकारी ऐसी स्थिति में आचार संहिता के खत्म होने का इंतजार न करें।