महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मई। जिले में कल गुरुवार से हरा सोना तेंदूपत्ता का संग्रहण शुरू हो गया है। इस बार 91 हजार 300 मानक बोरा खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। पिछले साल 70 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी हुई थी। जिले के 75 प्राथमिक सहकारी समिति के अंतर्गत लगभग 785 फड़ों में तेंदूपत्ता का संग्रहण किया जाना है। पिछले कुछ वर्षों से मई के पहले सप्ताह से ही तेंदूपत्ता की खरीदी शुरू हो रही है। अप्रैल माह में लगातार मौसम में बदलाव भी हुआ,जिससे तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार चिंतित थे। लेकिन हल्की बारिश होने से तेंदूपत्ता पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। जिले में इस वर्ष से तेंदूपत्ता की खरीदी 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से की जाएगी। जिले में लगभग 95 हजार तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार हैं। जिन्हें 5500 रुपए प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान होगा। पिछले वर्ष 70544 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी हुई थी।
जानकारी के अनुसार पूरे मई माह में तेंदूपत्ता की खरीदी की जाएगी। खरीदी का लक्ष्य पिछले कई सालों से पूरा नहीं हुआ है। इस बार लक्ष्य तक पहुंचने की उम्मीद है। अब तक सबसे ज्यादा खरीदी 2022 में हुई थी। सबसे कम खरीदी 2020 में कोरोना काल के दौरान हुई थी। मौसम में आने वाले बदलाव से भी खरीदी प्रभावित होती है। 2023 में 91 हजार 300 मानक बोरा लक्ष्य था और 70 हजार मानक बोरा की खरीदी हुई। 2022 में 95 हजार 400 मानक बोरा लक्ष्य रखा गया था और 82 हजार 300 मानक बोरा की खरीदी हुई थी। 2021 में 95 हजार 400 मानक बोरा लक्ष्य था। जिसमें 74 हजार 409 मानक बोरा, 2020 में 51840 मानक बोरा, 2019 में 76 हजार 320 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी की गई थी।
इसी कड़ी में बागबाहरा और महासमुंद वन परिक्षेत्र में कल तुड़ाई के पहले दिन तेंदूपत्ता संग्राहक अल सुबह ही जंगलों, मैदानों में जा पहुंचे थे और पत्ता तोडक़र दोपहर में उसकी गड्डी बनाकर शाम को निर्धारित तेंदूपत्ता संग्रहण फड़ में विक्रय पहुंचे। जहां उन्होंने फड़ मुंशी के पास अपना पत्ता गड्डी जमा कराया। सीजन के पहली तुड़ाई के लिए पत्ता संग्राहक काफी दिनों से इंतजार कर रहे थे। जिसकी वजह से कल ग्रामों में सुबह से दोपहर पूर्व तक सन्नाटा रहा। वहीं जंगल सहित तेंदूपत्ता उत्पादन क्षेत्र में चहल-पहल रही और शाम को ग्राम के तेंदूपत्ता फड़ों में मेला लगा रहा। इस बार अच्छी गुणवत्ता एवं बेहतर तेंदूपत्ता की फसल होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत 16 समितियों परसुली, धौराभांठा, टुहलू, भोथा, गांजर, मुनगासेर,तेंदूकोना, खल्लारी, चरौदा, सुखरीडबरी, बोकरामुड़ा, बागबाहरा, कोमाखान, तुसदा, तमोरा, आमाकोनी, तेंदूपत्ता सोसायटियों के 203 फड़ों में कल खरीदी प्रारंभ हुई।
रेंजर एलके ध्रुव ने इस संबंध में बताया कि इस बार बीच में वर्षा होने के बाद क्षेत्र में अमूमन किसी प्रकार तेंदूपत्ता पर विपरीत प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने बताया कि इस बार मौसम तेंदूपत्ते के उत्पादन एक क्वालिटी के मामले में बेहतर प्रतीत हो रह है। हमने रेंज में पत्ते की अच्छी क्वालिटी होने के बाद ही तुड़ाई प्रारंभ की है। उन्होंने बताया कि सोसायटी प्रभारी सदस्यों सहित वन विभाग का अमला पूरी सक्रियता से इस काम को प्राथमिकता के आध पर पूरा करने जुटा हुआ है। अपने रेंज में 4500 मानक बोरे का है। जिसमें तेंदूपत्ता संग्राहकों ने अपने परिवार के साथ इस वर्ष के सीजन की पहली तुड़ाई में भाग लेकर तेंदूपत्ता का संग्रहण किया। पहली तुड़ाई का यह कार्य अच्छी क्वालिटी के पत्ता आते तक चलेगा। वैसे भी इस साल के मौसम अनुकूल माना जा रहा है। अच्छी क्वालिटी का आशानुसार उत्पादन आने का अनुमान लगाया जा है। वैसे भी स्थानीय रेंज पत्ते की क्वालिटी महासमुंद डिवीजन में प्रथम स्थान पर है।