महासमुन्द
महासमुंद, 3 मई। जिला समेत बसना क्षेत्र में भी किसानों को खरीफ सीजन 2024-25 में कृषि कार्य हेतु जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के माध्यम से शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर दी जाने वाली किसान क्रेडिट कार्ड ऋण वितरण अंतर्गत सहकारी समितियों में किसानों से आवेदन लेने का काम जोरों से चल रहा है। बैंक शाखा भंवरपुर अंतर्गत सहकारी समिति सलखण्ड के कर्मचारियों द्वारा शामिल खाता के हिस्सेदार सदस्यों के हस्ताक्षर ना कराने के एवज में एवं खाद बीज नाम से 200 से 1000 रुपए लेने का आरोप किसान लगा रहे हैं।
किसानों का आरोप है कि राशि नहीं देने पर यहां चले जाओ कहकर धमकी देते हुए किसानों को प्रताडि़त किया जाता है। परेशान किसानों ने इसका वीडियो बनाकर एक सोशल मीडिया पर जारी कर दी है। जिसमें किसान ने एक हजार रुपए देने की बात कही है। किसान बहादुर सिंह सिदार के पास कुल 6 एकड़ जमीन है। उसने बताया कि जब वह सहकारी समिति सलखंड गया तो वहां 2 कर्मचारी चूड़ामणि कंप्यूटर ऑपरेटर और गोपाल साहू सेल्समेन ने उनसे दो किस्तों में 500-500 रुपए रिश्वत मांगा। इसके बाद किसान बहादुुर सिंह ने फ ोन पे के जरिए चूड़ामणि के खाते में यह राशि जमा कर दी। किसान बहादुर सिंह सिदार ने दोनों कर्मचारियों पर आरोप लगाया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरा करने सलखंड समिति में प्रत्येक किसानों से 200 लेकर से 1000 तक रिश्वत लिया जा रहा है। कुछ कम देने की बात करने पर सोसायटी से किसानों को यहां से चले जाओ कहते हैं। यहां के कर्मी उन किसानों को ज्यादा प्रताड़ित कर रहे हैं जिनके खाते हिस्सेदार वाले हंै।
उन्होंने बताया कि जब किसानों द्वारा कर्मचारियों को पैसा दिया जाता है तो बगैर हिस्सेदारों वाले खातों का काम तत्काल कर दिया जाता है। हिस्सेदारों की बिना उपस्थिति में, सहमति बैगर, बिना हस्ताक्षर किये आवेदन भी पैसे लेकर कंप्लीट कर दिये जाते हैं। सलखंड सहकारी समिति अंतर्गत सलखंड समेत मुनगाडीह, केंवटापाली, बेलटीकरी, भुतहाबहारा, हेडसपाली, बुटीपाली, लोहारपाली, कुरमाडीह, मुंधरा सेमर सहित 10 गांव के लगभग 1075 किसानों का लेनदेन है।
इस मामले में बसना कॉपरेटिव ऑफिसर मनोज नायक ने कहा कि किसी भी किसान से एक रुपए भी नहीं लेना है। अगर कोई कर्मचारी ऋण खाद बीज के लिए ऐसा कर रहा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।