महासमुन्द

जिले की सीमावर्ती क्षेत्र में घूम रहा हाथी, फसलें रौंदी
03-May-2024 1:34 PM
जिले की सीमावर्ती क्षेत्र में घूम रहा हाथी, फसलें रौंदी

महासमुंद, 3 मई। जिले की सीमावर्ती क्षेत्र में एक हाथी के विचरण करने की खबर है, जो रबी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। इस हाथी का लोकेशन वर्तमान में बलौदाबाजार क्षेत्र में है। संभावना है कि वह कभी भी जिले की सीमा में प्रवेश कर सकता है। इसलिए वन विभाग की टीम लगातार मॉनीटरिंग कर रही है। इसने सप्ताहभर पहले महासमुंद जिले की सीमा में प्रवेश किया था।

मालूम हो कि एक हाथी लगातार बलौदाबाजार,महासमुंद सीमा में विचरण कर रहा है। कुछ दिन बलौदाबाजार रेंज में विचरण करता रहता है तो कुछ दिन महासमुंद रेंज में आ जाता है। इसलिए सीमावर्ती गांव को अलर्ट किया गया है।

हाथी के विचरण से सबसे ज्यादा किसानों को परेशानी होती है। वर्तमान में रबी फसल तैयार हो रहा है। ऐसे में हाथी के विचरण से फसल को नुकसान होने की संभावना बनी रहती है। वर्तमान में बलौदाबाजार क्षेत्र में यह हाथी फसल को नुकसान पहुंचा रहा है।

संभावना है कि वह कभी भी जिले की सीमा में प्रवेश कर सकता है। इसलिए वन विभाग की टीम लगातार मॉनीटरिंग कर रही है। सीमावर्ती गांवों में अलर्ट किया गया है।

वन विभाग के अनुसार बुधवार को हाथी बलौदाबाजार वनमंडल के वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 137, 136, 118, 119 के जंगल में विचरण कर रहा था। इसके चलते जिले के सीमावर्ती गांव नांदबारू, सुकुलबाय, केशलडीह, खिरसाली, बंदोरा को अलर्ट किया गया है।


अन्य पोस्ट