महासमुन्द

युवा इंजीनियर अनिमेष रघुवंशी खुदकुशी
23-Apr-2024 2:56 PM
युवा इंजीनियर अनिमेष रघुवंशी खुदकुशी

माह भर बाद एक हिरासत में, 4 अब भी फरार 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,23 अप्रैल।
सूदखोरों के तकादों और दबंगई से परेशान युवा इंजीनियर अनिमेष रघुवंशी की आत्महत्या के मामले में कर करीब माह भर बाद कोतवाली पुलिस ने बीटीआई रोड निवासी सूदखोर शशांक जैन उर्फ  राजा को धमतरी से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस मामले में 4 आरोपी अब भी फरार हैं।

मालूम हो कि महावीर कॉलोनी महासमुंद निवासी अनिमेष रघुवंशी 37 वर्ष ने 11 मार्च 2024 को घर पर फ ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। तब पुलिस ने बताया था कि सूदखोर उसे रोजाना फ ोन कर और घर पहुंचकर ब्याज की रकम के लिए तंग करते थे। सूदखोरों का मुंह बंद करने के लिए अनिमेष ने दूसरे सूदखोरों से कुछ कर्ज लिया। 

बताया गया कि अनिमेष ने जिन मकानों का निर्माण किया था, उनके मालिक उसे भुगतान नहीं कर रहे थे। कुछ सूदखोरों ने अपने कर्ज के बदले अनिमेष से मकान निर्माण कराया था, लेकिन वे भी इसकी राशि अनिमेष को नहीं दे रहे थे।

आखिरकार मानसिक रूप से परेशान अनिमेष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दिन उनकी पत्नी घर पर नहीं थी। सुसाइड नोट में शशांक जैन उर्फ  राजा (32 वर्ष) बीटीआई रोड निवासी के अलावा 4 और सूदखोरों के नाम सामने आए थे। पुलिस आज भी आरोपी सूदखोरों के नाम उजागर करने से परहेज कर रही है। घटना के बाद से आरोपी सूदखोर फ रार चल रहे हैं। इनमें से फरार एक आरोपी शशांक जैन उर्फ  राजा जैन 32 वर्ष को कोतवाली पुलिस ने कल मुखबीर की सूचना पर धमतरी से पकड़ा। धमतरी में वह किसी व्यक्ति से अपने खर्च के लिए राशि लेने गया था। तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने यहां लाकर उसे न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट