महासमुन्द
पूरा जांचने मियाद 10 अप्रैल तक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,31मार्च। जिला समन्वयक केंद्र स्वामी आत्मानंद हिन्दी आदर्श उच्चतर माध्यमिक स्कूल में पिछले 6 दिनों में 10 वीं और 12वीं बोर्ड की 47 हजार 530 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो चुका है। हालांकि मूल्यांकन कार्य मध्यम गति से चल रहा है।
केंद्र प्रभारी का कहना है कि निर्धारित समय में मूल्यांकन का कार्य समाप्त हो जाएगा। मालूम हो कि हर बार की तरह इस बार भी जिले में बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए एकमात्र समन्वयक केंद्र बनाया गया है। जहां 23 मार्च से मूल्यांकन शुरू हुआ है।
उक्त केंद्र में 500 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। समन्वयक केंद्र प्रभारी आत्मानंद हिन्दी आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद के प्राचार्य एचके आचार्य ने बताया कि 21 मार्च को पहली खेप में 72 हजार 373 उत्तर पुस्तिकाएं माध्यमिक शिक्षा मंडल से यहां पहुंची। जिसे पुलिस की कड़ी सुरक्षा में स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया था। इसमें से 30 मार्च तक 10वीं की 32039 और 12वीं की 15491 कुल 47 हजार 530 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि 29 मार्च को ही उत्तरपुस्तिकाओं की दूसरी खेप पहुंची है। जिसमें 13921 कॉपियां है। गुड फ्राइडे अवकाश के दिन भी मूल्यांकन कार्य किया गया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि प्रत्येक मूल्यांकनकर्ता को हर रोज अधिकतम 40 कॉपी जांचने के लिए दी जा रही है। उन्होंने बताया कि रोजाना औसत 7-8 हजार कॉपियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। होली में एक दिन छुट्टी की होने कारण मूल्यांकन का काम थोड़ा धीमा हुआ है। उनका कहना है कि उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन मध्यम गति से भले ही चल रहा हो, पर निर्धारित अवधि 10 अप्रैल तक यह कार्य पूरा हो जाएगा।