महासमुन्द

बुजुर्ग महिला को 10 महीने से नहीं मिला पेंशन
21-Mar-2024 2:57 PM
बुजुर्ग महिला को 10 महीने  से नहीं मिला पेंशन

पेंशन राशि उसी नाम की दूसरी महिला के बैंक खाते में जमा हो रही है 

खाते को सुधार लिया गया है- सचिव  

महासमुंद, 21 मार्च। जनपद पंचायत बसना के ग्राम अरेकेल की एक विधवा पेंशनधारी बुजुर्ग महिला को विभागीय लापरवाही के चलते विगत 9-10 महीने से विधवा पेंशन की राशि नहीं मिल रही है। 

पता चला है कि उक्त महिला की पेंशन राशि दूसरे महिला के बैंक खाते में जा रही है। अत: उक्त महिला ग्राम पंचायत, बैंक और जनपद के चक्कर काटते-काटते थक चुकी है। जनपद सीईओ से गुहार लगाने के पश्चात महीनों बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कलेक्टर जन चौपाल में भी इस बाबत आवेदन दिया है। 

प्रार्थी का नाम जरीना खान पति अमीर खान ग्राम पंचायत अरेकेल है। उन्होंने बताया कि अपनी समस्या को लेकर 8 फरवरी 2024 को बसना जनपद सीईओ सनत महादेवा से आवेदन कर गुहार लगाया कि विगत लगभग 9-10 महीने से विधवा पेंशन की राशि नहीं मिली है। इससे पहले सचिव सोहनलाल चौहान, जनपद पंचायत बसना केपास भी गई थी। अब वह बैंक का चक्कर काटते. काटते थक चुकी है।

सचिव ने उन्हें कहा कि पंचायत में 2 नाम होने से यह राशि दूसरी महिला के नाम पर जमा हो रही है। आधार क्रमांक हितग्राही से अलग है। सचिव ने कहा था कि जिसके खाते में राशि जमा हो रही है, उससे निकलवा कर दे देंगे लेकिन आज तक उसे पेंशन की राशि अप्राप्त है। इस समस्या का  निराकरण नहीं होने के चलते उक्त महिला ने 4 मार्च 2024 को कलेक्टर जन चौपाल में आवेदन प्रस्तुत किया है। 

सचिव ने माना है कि उक्त महिला को बीते 10 महीने से पेंशन की राशि नहीं मिली है। उसकी राशि उसी नाम की दूसरी महिला के बैंक खाते में जमा हो रही है। अब उक्त  बैंक खाते को होल्ड करा दिया गया है। साथ ही जरीना खान के खाते को सुधार लिया गया है। अगले महीने की पेंशन राशि आवेद जरीने के नाम के खाते में आएगी। 
जनपद सीईओ सनत महादेवा ने कहा कि मुझे मामले की जानकारी नहीं है। यदि आवेदन आया होगा तो देखकर तत्काल सुधार करवाता हूं।
 


अन्य पोस्ट