महासमुन्द

आंगनबाड़ी-स्कूल के बीच पोल्ट्री फार्म, ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट
12-Mar-2024 2:28 PM
आंगनबाड़ी-स्कूल के बीच पोल्ट्री  फार्म,  ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,12 मार्च। ग्राम परसदा के आश्रित ग्राम नवापारा स्थित प्राथमिक शाला तथा आंगनबाड़ी केंद्र के समीप पोल्ट्री फार्म निर्माण के विरोध में  कल ग्रामीणों ने जनदर्शन में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।  सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि नवापारा के समीप प्रा. शाला व आंगनबाड़ी केंद्र के समीप ही कुछ लोगों द्वारा पोल्ट्री फार्म का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने सरपंच पर आरोप लगाया कि निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व जब उन्हें पूछा  गया तो कहा गया था कि भैंस के लिए डेयरी फार्म का प्रस्ताव है।  लेकिन अब यहां पोल्ट्री फार्म खोला गया है। कहा कि पोल्ट्री फार्म खुलने से ग्राम का वातावरण प्रदूषित होगा तथा लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने चैतावनी दी है कि पोल्ट्री फार्म पर रोक नहीं लगाया गया तो आगामी लोकसभा चुनाव का ग्रामीण बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान पुन्नुराम ध्रुव, प्रेमसिंह गोंड़, मन्नू, परदेशी, रमेश, लोकनाथ ध्रुव, हिरदेराम, रामेश्वर, छन्नू, संतोष कुमार, हीरा सिंह कुंजाम, ईश्वर ध्रुव, खेलूराम, नोहरलाल, विष्णु आदि मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट