महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मार्च। लगभग 2 वर्ष पूर्व सरायपाली क्षेत्र के ग्राम सेमलिया निवासी एक युवक ने जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। उसके पास मिले सुसाइड नोट में एक व्यक्ति द्वारा मानसिक रूप से प्रताडि़त करने का उल्लेख किया गया था। इस घटना के लगभग 2 वर्ष बाद कल शुक्रवार को प्रताडि़त करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध थाना सरायपाली में अपराध कायम किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 19 फरवरी 2022 को पद्मलोचन साहू ग्राम केसराटाल ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उनका साला आशीष प्रधान 18 फरवरी 2022 को रायपुर सामान लेने जा रहा हूं कहकर घर से निकला था। रात्रि में घर वापस नहीं आया। अगले दिन जंगलबेड़ा के एक व्यक्ति ने उन्हें सूचना दी कि भूथिया और जंगलबेडा के बीच एक स्थान पर आशीष गिरा पड़ा है। जब वहां जाकर देखा तो आशीष प्रधान गिरा हुआ था एवं उसके मुंह से झाग निकल रहा था।
घायल को स्वयं के वाहन से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सरायपाली ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सूचक की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया था। जांच के दौरान मृतक की पत्नी पदमिनी प्रधान, बड़े भाई नंदकिशोर प्रधान एवं साथ काम करने वाले प्रशांत भोई, रंजन भोई, मृतक के जीजा पद्मलोचन से बयान दिया कि मृतक आशीष घटना के कुछ दिनों पूर्व से घनश्याम पटेल से परेशान था।
मृतक के पास मिले सुसाइड नोट की हस्तलिपि परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त किया गया। जिसमें सुसाइड नोट मृतक आशीष द्वारा ही लिखा गया स्पष्ट हुआ। पीएम रिपोर्ट, परिजनों एवं गवाहों के कथन तथा हस्तलिपि विशेषज्ञ के परीक्षण रिपोर्ट से घनश्याम पटेल निवासी तोरेसिंहा से प्रताडि़त एवं परेशान होकर घटना दिनांक को मृतक आशीष के द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या करना पाया गया। सम्पूर्ण मर्ग के जांच उपरांत पुलिस ने 8 मार्च को घनश्याम पटेल के विरूद्ध धारा 306 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।