महासमुन्द
साल में एक दिन नहीं, हर रोज, चौबीसों घंटे महिलाएं धन्यवाद की पात्र हैं-एएसपी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मार्च। महासमुंद पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य के लिये महिलाओं को सम्मानित किया।
जानकारी अनुसार विभाग द्वारा पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में जिले में चार दिनों तक अभिव्यक्ति-नारी सम्मान में कार्यक्रम आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत जिले भर में कई स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओंं को उनके अधिकार व कानून की जानकारी दी जाएगी।
पहले दिन 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पुलिस लाइन स्थित कम्यूनिटी हॉल में अभिव्यक्ति नारी के सम्मान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने भी मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उपस्थित महिलाओं और महिला पुलिस की टीम के बीच रस्सा खींच और कुर्सी दौड़ का आयोजन किया गया। इसके बाद कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी बच्चों तथा खेल में हिस्सा लेने वाली महिलाओं को पुरस्कार वितरण किया गया।
इस कार्यक्रम में पुलिस कालोनी परसदा व बेमचा में रहने वाले पुलिस परिवार की महिलाओं के अलावा जिले में तैनात महिला पुलिस जवान उपस्थित थे। इस दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। पुलिस विभाग का यह कार्यक्रम लगातार 11 मार्च तक जारी रहेगा। उक्त कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरपंच श्री चंद्राकर ग्राम परसदा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय महासमुंद कोतवाली प्रभारी मोनिका श्याम, रक्षित निरीक्षक, कानूनी सलाहकार, महिला पुलिस स्टाफ ,ग्राम परसदा से महिला पंच उपस्थित थे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे ने कहा कि घर में काम करने वाली महिलाओं का योगदान किसी से छिपा नहीं है। बगैर किसी आशा, बगैर किसी का धन्यवाद महिलाएं सुबह से देर रात तक घर को व्यवस्थित रखती हैं। यदि महिलाएं बाहर काम पर जाती हैं तो उन्हें घर आकर भी उतना ही काम और करना पड़ता है। साल में सिर्फ एक दिन के लिए महिला समारोह आयोजित कर इसका इतिश्री हरगिज नहीं किया जा सकता। हर रोज चौबीसों घंटे वे धन्यवाद की पात्र हैं। उन्हीं की शक्ति है कि दुनिया चल रही है। कोई भी महिला खुद को अकेली अथवा असहाय न समझें बल्कि जीवन के हर वक्त को बहादुरी केसाथ जिएं। उन्हें अपनी जिंदगी आसानी से, सहूलियतों से, खुश होकर जीने के अधिकार है।
कार्यक्रम में उपस्थित डीएसपी सारिका बैद्य ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेडख़ानी आदि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।