महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मार्च। महासमुंद कांग्रेस कमेटी ने कल महासमुंद स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचकर बैंक की नीतियों का विरोध किया तथा मांग की कि जिन जिन उद्योगपतियों के अरबों रुपए का लोन बैंक से माफ करवा भाजपाई करोड़ों रुपए चंदे के रूप में काला धन जमा कर रहे हैं, उसका खुलासा करने के बजाय बैंक न्यायालय को समय मांग रहा है। कांग्रेस जनों का कहना है कि स्टेट बैंक में काला धन जमा कर भाजपाई दूसरे दलों के विधायक और सांसदों को खरीदने का काम कर रही है। जनता द्वारा चुने गए विधायक और सांसदों को अपने पक्ष में कर भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
कांग्रेस का कहना है कि इन सभी रहस्यों का उजागर होना जरूरी है। उन्हीं बातों की मांग रखते हुए बैंक का घेराव कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष डॉक्टर रश्मि चंद्राकर, शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल, ग्रामीण अध्यक्ष खिलावन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, जनपद अध्यक्ष यातेंद साहू, वनोपज जिला अध्यक्ष प्रमोद चंद्राकर, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष बादल मक्कड़, संयुक्त महामंत्री सोमेश दवे, महामंत्री गुरमीत चावला, अरुण चंद्राकर, पार्षद अमन चंद्राकर, ब्रिजेन बंजारे, सोनम रामटेके, पूर्व पार्षद राजू साहू, शकील खान, सुनील चंद्राकर, लखन चंद्राकर, तुलसी साहू, बसंत चंद्राकर, राम जी साहू, मोती साहू, लीलू साहू, जावेद चौहान, जाकिर रजा, रवि सिंह ठाकुर,सुरेंद्र ठाकुर, चंद्रेश साहू, राकेश चंद्राकर, तुलसी देवदास, सन्नी महानंद ने किया। इनका कहना है कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने हाल ही में भाजपा के चुनावी बांड योजना को असंवैधानिक मानते हुए उसे पर रोक लगा दी है।
अदालत ने राजनीतिक दलों को इस योजना के तहत प्राप्त दान का खुलासा करने का निर्देश दिया साथ ही भारतीय स्टेट बैंक एसबीआई को चुनावी चंदे की पूरी जानकारी 6 मार्च 2024 से पहले सार्वजनिक करने और चुनाव आयोग को सौंपने का भी निर्देश दिया है। चुनाव में काले धन के खिलाफ निर्णायक कदम के तौर पर इस फैसले का पूरे देश में व्यापक स्वागत किया गया। चुनावी बांड योजना की प्राथमिक लाभार्थी होने के नाते सत्तारूढ़ भाजपा को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद असुविधा का सामना करना पड़ा है।
2017 में योजना की शुरुआत के बाद से राजनीतिक दलों को सामूहिक रूप से 12000 करोड डालर से अधिक धन प्राप्त हुए हैं। अकेले भाजपा को 26566 करोड़ प्राप्त हुए हैं जो सभी चुनावी बांड का 55 प्रतिशत है। स्पष्ट रूप से भाजपा दानदाताओं के बारे में जानकारी सार्वजनिक होने के बाद चुनिंदा कॉर्पोरेट के साथ अपने संबंधों को संभावित जोखिम को लेकर चिंतित है। मोदी सरकार ने भारतीय स्टेट बैंक पर जानकारी साझा न करने का दबाव डाला है।
एसबीआई ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष एक आवेदन प्रस्तुत किया है जिसमें विवरण साझा करने के लिए 30 जून 2024 तक आगे बढ़ाने की मांग की है।