महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 मार्च। नाबालिग से रेप का आरोप सिद्ध होने पर आरोपी युवक को कोर्ट ने 20 साल कैद की सजा सुनाई है।
लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4 -2 के तहत विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने रेप के आरोपी ठंडाराम सिदार ओडिशा को 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा व 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर 6 माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
इसी तरह भादसं की धारा 363 के तहत पांच वर्ष, धारा 366 के तहत 7 वर्ष व धारा 506 भाग 2 के तहत 1 वर्ष के सश्रम कारावास से दंडित किया है। इसके अलावा क्रमश: 1 हजार, 2 हजार व 1 हजार रुपए के अर्थदंड भी अभियुक्त को भरना होगा। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। शेष सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन के अनुसार 29 नवंबर 2022 को प्रार्थी ने सांकरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ठंडाराम सिदार जो दूर का रिश्तेदार है, 17 नवंबर की रात उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपनी मोटर साइकिल से ले गया। जानकारी होने पर उसके घर गए और अपनी पुत्री को समझाकर वापस घर ले आए। कुछ दिनों बाद 28 नंवबर को ठंडाराम पुन: उसकी पुत्री को भगाकर ले जा रहा था। जिसे उसकी पत्नी एवं कुछ लोगों ने लारीपुर टुकड़ा के कोलियाडीपा के पास रोका। तब आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए भगाकर ले जाने की बात कही। जिस पर सांकरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
विवेचना के दौरान अभियोक्त्री ने बताया कि 24 अक्टूबर 2022 को घर पर अपने छोटे भाई बहन के साथ थी, तभी ठंडाराम सिदार आया और उसके भाई बहन के बाहर जाने पर धमकी देकर उसके जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा था। अभियोजन की ओर अतिरिक्त लोक अभियोजक सलीम कुरैशी ने पैरवी की।