महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,28 फरवरी। जेल में कैदियों के बेहतर स्वास्थ्य,मानसिक शांति एवं विचार परिवर्तन के उद्देश्य से सामाजिक संगठन सहयोग फाउंडेशन एवं महिला पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में जिला कारागार में 26 से 29 फरवरी तक चार दिवसीय योग, प्राणायाम समेत ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस योग शिविर में जेल के कैदियों समेत वहां कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही हैं। साथ ही ध्यान योग की महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही हैं। ध्यान के महत्व और ध्यान करने के तरीकों पर भी चर्चा की जा रही है। योग शिविर में शामिल लोगों को योग और ध्यान के विभिन्न अभ्यासों का अनुभव करने का मौका मिल रहा है। योग अध्यापिका सुजाता एवं सहयोगी निहारिका मिश्रा,दीप्ति मिश्रा समेत सरोजा माझी ने योगासनों को सही तरीके से करने के फायदे बताए।
इसके अलावा, जेलर सरबेश्वर साहू ने सेमिनार के उद्घाटन सत्र में उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए योग और ध्यान के महत्व पर कहा कि नई उम्मीद और प्रेरणा देने के साथ-साथ, उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने का भी एक माध्यम साबित हो रहा हैं। योग शिविर को सफल बनाने में जेल के फार्मासिस्ट बिभूति भुसन बेहेरा, सोनाली दास, रामअबतर अग्रवाल, आर्तत्रणा पाढ़ी, सुदीप्त त्रिपाठी समेत जेल प्रशासन सक्रिय है। सहयोग फाउंडेशन की सम्पादिका पिंकी मोदी ने बताया कि ऐसे योग और ध्यान शिविर साल भर अलग-अलग जगह पर होते रहते हैं। आगामी 10 मार्च को रक्तदान शिविर का आयोजन करने की जानकारी दी गई।