महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 फरवरी। महामाया एग्रोटेक एवं साईं कृपा राइस मिल के संचालक तेजप्रकाश चंद्राकर द्वारा वर्ष 2017-18 में किसानों से धान खरीदी करने बाद 57 किसानों को 16175282 रुपए का भुगतान नहीं किया था। जिसके खिलाफ किसानों ने धरना प्रदर्शन कर शासन प्रशासन से भुगतान दिलाने मांग की थी। उच्च न्यायालय बिलासपुर के निर्देशन एवं कृषि उपज मंडी बोर्ड रायपुर के आदेश दिनांक 08-10-2021 के परिपालन में 10 मार्च 2023 को निलामकर्ता अधिकारी प्रेमुलाल साहू तहसीलदार महासमुंद, रविन्द्र काले नायब तहसीलदार महासमुंद, हल्का पटवारी संतोष कुमार सोनी, सचिव कृषि उपज मंडी समिति महासमुंद रामलाल साहू, ग्राम पंचायत साराडीह के सरपंच साजन यादव की उपस्थिति में महामाया एग्रोटेक की नीलामी 1करोड़ 29 लाख 30000 रुपए में हुई थी जिसमें से 1 करोड़ 28 लाख 92 हजार 715 रुपए का भुगतान किसानों को किया गया था।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए जिला पंचायत सदस्य एवं किसान भुगतान संघर्ष समिति के संयोजक जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर ने बताया कि किसानों को बाकी भुगतान के लिए तेजप्रकाश चंद्राकर के स्वामित्व वाली कृषि भूमि जो ग्राम बनसिवनी पहन 29 जिला महासमुंद में स्थित है। न्यायालय तहसीलदार द्वारा जारी इश्तहार अनुसार 19 फरवरी 2024 को ग्राम पंचायत बनसिवनी में नीलाम होगी जो कुल 14 खसरों में है जिसकी कुल रकबा 4.40 हेक्टेयर है। इसका आधार मूल्य 37 लाख 23 हजार 700 रुपए रखी गई है।