महासमुन्द

हफ्ते में पांच दिन काम-दो दिन आराम, सरकारी अफसरों की बल्ले बल्ले
17-Feb-2024 3:46 PM
हफ्ते में पांच दिन काम-दो दिन आराम,  सरकारी अफसरों की बल्ले बल्ले

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
पिथौरा, 17 फरवरी।
सप्ताह में पांच दिन काम के दो दिन आराम के प्रारम्भ होने के बाद से ही सरकारी अफसरों की बल्ले बल्ले हो गयी है। प्रदेश भर में अधिकांश विभागों के अफसर अब भी पूर्व की तरह 11 बजे के बाद ही कार्यालय पहुचते है, जिससे आम लोगों की परेशानियां कम होने की बजाय और भी बढ़ गई है।

पूर्व में सप्ताह में 6 दिन सरकारी कार्यालय खुलते थे एवम प्रति शनिवार अवकाश होता था, जिसमें अधिकारी-कर्मचारी 11 से 5 बजे तक ड्यूटी करते थे। इसके बाद पूर्व की भूपेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को एक तोहफा देते हुए आम दिनों में कर्मचरियों का कार्य समय बढ़ा कर सप्ताह के दिन 6 से घटा कर 5 कर दिए गए थे।

विदेशी नियमों से प्रेरित इस आदेश से अफसर तो प्रसन्न है परन्तु जिनको खुश रखने के लिए आदेश किये गए, वहीं वर्ग नाराज बताया जा रहा है।
कार्यालयों खासकर जनपद पंचायत एवं कृषि विभाग में सर्वाधिक लापरवाही सामने दिखाई दी। इन विभागों के मुख्यद्वार तो बकायदा खुले मिलते हैं, परन्तु अधिकारी-कर्मचारियों के टेबल खाली दिखाई देते है। यहां पता लगाने पर जानकारी मिली कि उक्त कार्यालयों में अफसर 11 बजे के बाद ही अपनी सीट संभालते है। तब तक ग्रामीणों को कार्यालय का चक्कर लगाकर शहर में घूमते देखा जा सकता है।

साहब दौरे पर हैं
कार्यालयों में खाली कुर्सियां देख कर एक बार तो छुट्टी का अहसास होता है, परन्तु बीच में ही कोई मातहत कर्मी आ गया तो अफसर की अनुपस्थिति को काफी चालाकी से  संभालते हुए साहब को दौरे में बता कर निपटा देता है। दो दिन आराम के बाद समय परिवर्तन किया गया है।जिस पर आरामपसंद अफसर समय से कार्यालय नही पहुच रहे है।इस प्रतिनिधि ने नगर सुबह 11.30 बजे ज़ब कुछ कार्यालयों के खुलने का सत्यापन किया तो सबसे पहले कृषि विभाग में पहुचने पर एक कर्मी धूल झाड़ते मिला परन्तु कार्यालय की अन्य कुर्सियां खाली मिली। 
पता लगाने पर कार्यालय में उपस्थित अकेले कर्मी ने बताया कि साहब दौरे पर गए हैं, 12 बजे के बाद आएंगे। इसके बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जाने पर यहां कार्यालय तो पूरा खुला था परन्तु एक चपरासी छोड़ कोई भी अधिकारी कर्मचारी साढ़े 11 बजे तक अपने टेबल तक नही पंहुचा था। इसके बाद जनपद पंचायत में स्वयम सीईओ तो मिले परन्तु वे भी आने कुछ मातहत कर्मियों से चर्चा में लगे थे जिससे उनसे मिलने वाले वहां से बेरंग ही लौटते दिखाई दिए।

शुक्रवार जल्दी और सोमवार देर से
स्थानीय सरकारी कार्यालयों के हालात ऐसे हैं कि 5 दिन ही काम होने के बावजूद अफसर शनिवार छुट्टी के पहले शुक्रवार को ही जल्दी भागने के फेर में पड़े दिखते है। जबकि सप्ताह के प्रथम दिन सोमवार को अफसर घरों से आराम से कार्यालय पहुचते है जिसके कारण हितग्राहियों सहित आम लोगो को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा प्रत्येक मंगलवार को अफसरों की टी एल बैठक होती है जिससे अफसर बैठक में शामिल होने जिला मुख्यालय आते है जिससे अफसरों को एक दिन और छुट्टी मनाने का मौका मिल जाता है।बहरहाल शासन के इस 2 दिन आराम 5 दिन काम के नियम में  3 दिन शुक्रवार सोमवार और मंगलवार और जुडऩे लगे है जिससे अब सरकारी कर्मी मात्र 2 ही दिन पूरा काम करते दिख सकते हैं, शेष दिन बैठक दौरा या अन्य कारणों के कारण काम पर कम ही उपस्थित हो पाते है। अब आम लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की नई सरकार को पुन: पूर्व की तरह 6 दिन ही काम के लिए किए जाने चाहिए।


अन्य पोस्ट