महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15फरवरी। भारतीय संस्कृति में माता-पिता को भगवान से बड़ा माना गया है। अपनी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हिन्दू धर्म में मातृ- पितृ पूजन दिवस मनाने का प्रचलन है। माता पिता के बलिदानों और उनके कार्यों को सम्मान देने के उद्देश्य से इस दिवस की महत्ता अत्यधिक है। उक्त उद्गार पूर्व माध्यमिक शाला खरोरा में आयोजित मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ठाकुर राम ने कही।
उन्होंने कहा कि यह दिन माता-पिता को सम्मान, और प्यार देने के लिए समर्पित है। जिसके वे हकदार हैं। माता.पिता के लिए सच्चे प्यार को उसके शुद्धतम रूप में मनाकर हर घर और मानव हृदय में एक सामाजिक जागृति लाने के लिए यह पहल शुरू की गई है। मातृ-पितृ पूजन दिवस माता-पिता और बच्चों के बीच के बंधन का उत्सव है।
कार्यक्रम का प्रारंभ वसंत की देवी सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। शालेय विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति की गई। दीप्ति ने भाषण, रीना टंडन ने कविता, अजीत ने कहानी की प्रस्तुति दी। गौरव परमार ने भारत माता का गीत गाया।
विद्यार्थियों द्वारा कार्यक्रम में अपने उपस्थित माता.पिता तिलक व आरती कर पूजन किया गया। इस अवसर पर प्राचाार्य उमेशमिगरी गोस्वामी शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष द्वय आशा परमार व संगीता यादव, समाजसेवी गौकरण साहू, संस्था के प्रधान पाठक ने भी विचार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दुबे कुमार पटेल एवं आभार प्रदर्शन प्राथमिक प्रधान पाठक गायत्री चन्द्राकर ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका मोना चन्द्राकर, ओमप्रकाश शर्मा, प्रीति तिवारी, रामप्रसाद व बाल संसद का योगदान रहा।