महासमुन्द

राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी
11-Feb-2024 2:24 PM
राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी।
अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। जिले के 75 प्रबंधक जिला मुख्यालय स्थित पटवारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। लघु वनोपज प्रबंधक संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीलाल पटेल ने बताया कि हड़ताल पर जाने से पहले सरकार को मांगें पूरी करने के लिए 10 दिनों की मोहलत दी थी। लेकिन मांगें पूरी नहीं हुई। 

छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधक संघ चार सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से बेमियादी हड़ताल पर हैं। कल शनिवार को 5वें दिन भी जिले के 75 प्रबंधक जिला मुख्यालय स्थित पटवारी कार्यालय के सामने डटे रहे। लघु वनोपज प्रबंधक संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीलाल पटेल ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रबंधक 36 सालों से 14 लाख लघु वनोपज संगठनकर्ता परिवारों को साथ लेकर चल रहे हैं। संघ के कामों में मुख्य रूप से तेंदूपत्ता संग्रहण, भुगतान, बोनस का वितरण, 14 लाख परिवारों का बीमा, छात्रवृत्ति, 68 प्रकार के लघु वनोपज का न्यूनतम संग्रहण दर में संग्रहण आदि शामिल है। हड़ताल में जाने से इसका सीधा प्रभाव ग्रामीण तेंदूपत्ता व अन्य लघु वनोपज संग्रहणकर्ता परिवारों पर पड़ेगा। 

हड़ताल से लघु वनोपज, मिलेट्स संग्रहण, बीमा योजनाएं, तेंदूपत्ता शाखकर्तन बंद की कगार पर हैं। चार सूत्रीय मांगों में प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समिति प्रबंधकों की स्वीकृत विभागीय प्रस्ताव के अनुसार तीन स्तरीय संविदा वेतनमान लेवल 7, 8 व 9 का संशोधित आदेश देने, प्रबंधकों को लेकर नियम 2016 से लागू है, जिसमें साफ  लिखा है कि प्रबंधकों की नियुक्ति के एक वर्ष तक काम करने के बाद उन्हें नियमित माना जाएगा। उसका लिखित आदेश देने, प्रबंधकों का वेतन उनके निजी खाते में अन्य कर्मचारियों की तरह अंतरित करने, शासन के वित्त निर्देश 2022-2023 के अनुसार लागू करने की मांगें शामिल हैं। 


अन्य पोस्ट