महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर प्रदेश के वित्तमंत्री श्री चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट को जन आकांक्षाओं के विपरीत, दिशाहीन व घोर निराशाजनक बजट बताया है। बजट में कुछ भी नया नहीं है। पुराने योजनाओं का नाम बदलकर प्रस्तुत किया गया है। कांग्रेस सरकार की योजनाओं का नकल किया गया है। बजट में सिर्फ आंकड़ों की बात की गई है। क्रियान्वयन कैसे होगा यह नहीं बताया गया है। प्रदेश की जनता महंगाई से राहत प्रदान करने रणनीति नहीं बनाई गई है। वहीं युवाओं के रोजगार हेतु कोई रोड मैप भी तैयार नहीं किया गया।
यह बजट प्रदेश के युवाए किसान, महिलाएं,मजदूर, आदिवासी सभी वर्गों को हताश करने वाला बजट रहा।
श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि 1 लाख़ युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा था। लेकिन बजट में नई नौकरियों के लिए कोई प्रावधान नहीं है। उल्टे बेरोजगारी भत्ता की राशि खा गए। कॉलेज जाने वाले छात्रों से वादा था। यात्रा भत्ता देने का। जिसके लिए कोई बजट प्रावधान नहीं है। 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा करने वाले भाजपाई गैस सब्सिडी के लिए एक रुपए का भी बजट प्रावधान नहीं कर पाए हैं।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा प्रस्तुत पिछले बजट में छत्तीसगढ़ में चार-चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की व्यवस्था दी गई थी। इस बजट में एक भी नया मेडिकल कॉलेज या इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने का प्रावधान नहीं है। 25 लाख तक विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना संचालित थी। हमर अस्पताल, हमर लैब, हाट बाजार क्लिनिक, मोहल्ला क्लीनिक, स्लम स्वास्थ्य चिकित्सा योजना संचालित थी। पिछले बजट में 19488 करोड़ का प्रावधान शिक्षा के लिए रखा गया था जो कुल बजट का 19.4 प्रतिशत था। इस बजट में यह राशि घटाकर 15.95 प्रतिशत कर दिया गया है। कुल मिलाकर विष्णुदेव साय सरकार के पहले बजट ने छत्तीसगढ़ की जनता को निराश किया है।