महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी। चिटफंड कंपनियों के ठगी के शिकार अभिकर्ता एवं उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को कंपनियों में जमा राशि दिलाने के नाम पर कचहरी चौक में एक दिवसीय धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अभिकर्ताओं, उपभोक्ताओं ने कहा कि छग में संचालित एवं संरक्षित 110 से अधिक तथा कथित चिटफंड कंपनियों द्वारा लगभग 30 लाख निवेशक, जमा कर परिवारों जो कि गरीब, मजदूर, छोटे व्यापारी एवं मध्यमवर्गीय का 50 हजार करोड़ षडय़ंत्रपूर्वक धंधा चला कर लूटा गया है। किसी निवेशक ने अपनी बेटी के शान के लिये निवेश किया था तो किसी ने अप टूटे-फूटे मकान को बनाने के लिये, किसी ने अपने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए जमा किया था। जिला समेत प्रदेश के 30 लाख से अधिक निवेश परिवार अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। पिछले 8 वर्षों से निरंतर संघर्ष किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2023 में भारतीय जनता पार्टी ने मोदी की गारंटी नाम से अपने संकल्प पत्र में ठगी पीडि़तों को भुगतान की गारंटी देने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक इस मामले में कार्रवाई शून्य है।
उपभोक्ताओं ने अविलम्ब राज्य में बड्स एक्ट 2019 के तहत सक्षम एवं सहायक सक्षम अधिकारियों, नामित अदालतों एवं नोडल एजेंसीज की नियुक्ति करवाकर राज्य के ठगी पीडि़तों का भुगतान उनकी जमा राशि के दो से तीन गुना 180 दिनों में कराने की मांग की है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गणेशराम साहू, उपाध्यक्ष चेतन लाल साहू,संरक्षक घनश्याम साहू, सचिव प्रदीप कुमार साहू, सह सचिव मुरारी साहू, महामंत्री संजय सोनी, ऑडिटर टुकेश्वर चन्द्राकर,सभापति महवीर निषाद, प्रमुख सलाहकार तीरथ राम पटेल, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष शारदा श्रीवास्तव, महिला जिलाध्यक्ष मीना चन्द्राकर उपस्थित थे।