महासमुन्द

कलेक्टर ने एलईडी स्क्रीन वैन को दिखाई हरी झंडी
09-Feb-2024 4:03 PM
कलेक्टर ने एलईडी स्क्रीन वैन को दिखाई हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी।
छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को महासमुंद जिले के सभी विकासखंडों एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों तक पहुंचाने के लिए  एलईडी वैन को कल बुधवार को रवाना कर दिया गया। यह एलईडी स्क्रीन वैन जनसम्पर्क विभाग द्वारा शासन की योजनाओं की प्रभावी जानकारी आमजन तक पहुंचाने और लाभ लेने के लिए रवाना किया गया है ताकि शासन की योजनाओं की जानकारी गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। वैन पर सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास स्लोगन के साथ योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित हैं।

बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर प्रभात मलिक ने एलईडी स्क्रीन वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। एलईडी वैन एक माह तक तय रूट चार्ट अनुसार महासमुंद जिले के सभी ब्लॉकों की तकरीबन 120 ग्राम पंचायतों हॉट बाजार में जाकर सरकारी योजनाओं का प्रचार करेगी। वैन हर दिन 4 ग्राम पंचायतों में जाएगी। यह वैन गांव में जाकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चिन्हित करने के साथ ही सरकारी योजनाओं के विषय में भी मदद करेगी।

मालूम हो कि सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार.प्रसार एलईडी वैन से प्रारंभ किया गया है। यह वैन जिले के सभी विकासखंडों और गांवों में जाकर फिल्म के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार करेगी। ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की  योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ भी उठा सकें। 

प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले परीक्षार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और शासन  की योजनाओं की जानकारी एक ही जगह मिलेगी। कलेक्टर श्री मलिक ने लोगों से योजनाओं को समझ कर पात्रतानुसार लाभ उठाने की अपील  की है। इस अवसर पर जनसम्पर्क सहायक संचालक कीर्ति पाराशर, पोषण साहू एवं मीडिया प्रतिनिधि उत्तरा विदानी मौजूद थीं।
 


अन्य पोस्ट