महासमुन्द

सिंचाई परियोजना कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने पूर्व संसदीय सचिव ने मंत्री को लिखा पत्र
09-Feb-2024 2:17 PM
सिंचाई परियोजना कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने  पूर्व संसदीय सचिव ने मंत्री को लिखा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी।
पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने वन एवं जलवायु परिवर्तन, जल संसाधन, कौशल विकास एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप को पत्र लिखकर महासमुंद विधानसभा क्षेत्र क्र.42 अंतर्गत बजट वर्ष 2023.24 में शामिल तथा अनेक स्वीकृत नहर लाइनिंग मरम्मत तथा निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराए जाने की मांग की है।

श्री चंद्राकर ने कहा है कि चुनाव आचार संहिता पूर्व महासमुंद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कृषकों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके इस उद्देश्य से जल संसाधन विभाग की मुख्य मध्यम लघु सिंचाई परियोजना कार्य बजट वर्ष 2023.24 में शामिल है। कार्य स्वीकृत भी है। कतिपय प्रशासनिक कारणों से कार्य प्रारंभ नहीं किये गये हैं। साथ ही कुछ कार्यों की निविदा भी नहीं हुई। अत: कृषक हित में निम्नांकित कार्यों के निर्माण की स्वीकृति तत्काल प्रदान करें। 

बजट में सम्मिलित कार्यों में विखं एवं जिला गरियाबंद पैरी परियोजना अंतर्गत सिकासेर से कोडार जलाशय नहर लिंक निर्माण,  महासमुंद विखं अंतर्गत महानदी से निसदा बैजरा से कोडार उद्वहन सिंचाई परियोजना, कोडार परियोजना अंतर्गत महासमुंद जिले के कोडार व्यपवर्तन योजना के मुख्य नहर के चैन क्र.0 से 365 तक क्षतिग्रस्त लाइनिंग कार्य, 5 नग माईनरों का सीमेंट कांक्रीट लाइनिंग, गोपालपुर माइनर नं. 1 एवं 2, बेलटुकरी माईनर, अछोली माइनर, अछोला माइनर एवं टेल माइनर, कोडार दायीं तट मुख्य नहर के आरडी 0 चैन से 346 चैन तक जीर्णोद्धार, तुमगांव माइनर नं. 01 एवं 02 खैरझिटी माइनर नं. 1 एवं 02, तेंदूवाही माइनर, बेंंद्रीडीह माइनर, भोरिंग माइनर एवं सब माइनर के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग कार्य तथा विभिन्न पक्के संरचनाओं का मरम्मत कार्य शामिल हैं। 

इसी तरह महानदी परियोजना अंतर्गत केशवा व्यपवर्तन के नहरों का लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य, पासीद जलाशय के नहर लाइनिंग के पक्के कार्यों का सुधार एवं जीर्णोद्धार कार्य, पीढ़ी जलाशय के नहर लाइनिंग के पक्के कार्यों का सुधार एवं जीर्णोद्धार काय, सोरमसिंघी जलाशय के शीर्ष कार्य का जीर्णोद्धार, नहर का जीर्णोद्धार, पक्के कार्यों का उन्नयन एवं सीसी लाइनिंग कार्य, समोदा बैराज के दायीं एवं बायीं तरफ  सब्सीडरी वियर का पक्का निर्माण एवं पीडब्ल्यूडी तुमगांव मुख्य सडक़ के हेडवर्क तक सीसी रोड निर्माण एवं निरीक्षण कुटीर एवं उद्यान का फेसिंग कार्य, महानदी स्थित समोदा बैराज के अपस्ट्रीम में दायीं तट में निर्मित महामाया मंदिर एवं तट का बचाव कार्य, बेमचा जलाशय के शीर्ष एवं नहर का जीर्णोद्धार कार्य शामिल है। श्री चंद्राकर ने कहा कि उपरोक्त लोकहितकारी कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराएं तथा किसान हित में  सकारात्मक निर्णय लेवें।
 


अन्य पोस्ट