महासमुन्द

महानदी की रेत में तरबूज-खरबूज की खेती शुरू
08-Feb-2024 1:58 PM
महानदी की रेत में तरबूज-खरबूज की खेती शुरू

 महाराष्ट्र, दिल्ली, दुबई में पसंद किए जाते हैं

महासमुंद, 8 फरवरी। महासमुंद से रायपुर मार्ग पर महानदी की रेत में ग्रीष्मकाल के लिए रसीले फल खरबूज, तरबूज, ककड़ी और साग-सब्जी के  लिए खेती शुरू हो गई है। यहां के  रसीले तरबूज-खरबूज की मांग छग के अलावा महाराष्ट, दिल्ली के अलावा दुबई में पसंद किए जाते हैं।

रायपुर के बड़े व्यापारियों द्वारा थोक में यहां से फल और सब्जियों को खरीदकर विदेशों में निर्यात करते हैं। सर्वाधिक मांग तरबूज की रहती है। गर्मी में इस रसीले फल की सबसे अधिक मांग रहती है।

महानदी के अलावा इसकी खेती बसना क्षेत्र से होकर गुजरी जोंक नदी पर भी होती है। ओडिशा प्रांत में भी महानदी की रेत पर इसकी खेती वर्षों से हो रही है। मुढ़ैना, पारागांव सहित 10 गांवों के करीब 40 किसान परिवार यहां 50 साल से खेती करते आ रहे हैं।  कुछ दिनों पहले ही यहां किसानों ने रेत पर क्यारियां तैयार कर बीजारोपण किया था जो अब पौधे का रूप ले चुके हैं। यहां हर साल करीब 10 एकड़ में आसपास गांव के भूमिहीन किसान तरबूज, खरबूज और ककड़ी के अलावा साग भाजी की फसल लेते हैं। महानदी पर होने वाली खेती बहुत प्रसिद्ध है। यहां पुल के दोनों ओर किसान खेती करते हैं। सर्वाधिक रूप से महानदी में तरबूज, तरबूज, खीरा.ककड़ी की खेती होती है। इसके साथ वे इसमें साग.सब्जी में टमाटर, करेला, भिंडी, धनिया आदि की फसल लेते हैं। फसलों को पुल किनारे पसरा लगाकर बेचने के साथ ही रायपुर में थोक व्यापारियों को बेचते हैं।  किसानों के मुताबिक खेती की तैयारी के लिए अक्टूबर के बाद पानी का बहाव जब कम होता है, तब पाानी के बहाव को किनारे मोड़ देते हैं। इसके बाद बीच के हिस्से को फसल लगाने तैयार किया जाता है। पानी का रास्ता बदलते ही किसान अपने हिस्से वाली नदी की जमीन को बाड़ आदि लगाकर संरक्षित करते हैं। फिर उक्त जमीन की साफ सफाई शुरू होती है। सफाई के बाद क्यारियां बनाने का काम शुरू होता है। इन क्यारियों में गोबर खाद डाला जाता है। इस तरह नवंबर के पहले हफ्ते किसान परिवार समेत झोपड़ी बनाकर रहना शुरू कर देते हैं।

जनवरी माह से क्यारियां पूरी तरह तैयार हो जाती है फिर इसमें बीजारोपण शुरू करते हैं। रेत में नमी होने से उन्हें पानी की आवश्यकता कम पड़ती है।

हफ्ते दिन में बीजों में अंकुरण आ जाता है और करीब एक माह के अंदर पौधे तैयार होते हैं और उनमें फल आना शुरू हो जाता है।

 इन फलों की बिक्री मार्च माह से शुरू हो जाती है। खेती को लेकर किसान पिछले पखवाड़ेभर से यहां परिवार सहित जुटे हैं।


अन्य पोस्ट