महासमुन्द

बोलेरो की छत के चेम्बर में गांजा रख तस्करी, 6 बंदी
07-Feb-2024 3:04 PM
बोलेरो की छत के चेम्बर में  गांजा रख तस्करी, 6 बंदी

ओडिशा से महासमुंद के रास्ते रायपुर जा रहे थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7 फरवरी।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में थाना सिंघोड़ा पुलिस ने 50 किलो गांजा समेत 6 अंतरराज्जीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि बोलेरो की छत पर चेम्बर बनाकर गांजा छिपाकर परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत पुलिस ने 10 लाख रुपए बताई है। 

मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव ने जिले समस्त थाना चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जिले में अवैध गांजा के परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करें। लिहाजा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सरायपाली अभिषेक केसरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिंघोडा प्रभारी भी अपनी टीम के साथ अलर्ट थे। उनकी टीम को 5 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि जिले की सीमापार ओडि़शा से महासमुंद के रास्ते गांजे की अवैध तस्करी होने वाली है।

मुखबिर से बताये हुलिए के आधार पर टीम चेकिंग के लिए तैनात हुई। इसी दौरान ओडि़शा से छत्तीसगढ़ महासमुंद की ओर आ रहे एक सिल्वर कलर की बोलेरो कार को रोका गया। नाम पता पूछने पर आरोपियों ने अपना नाम मानसिंह राजपूत उम्र 34 साल साकिन मकान ग्राम देहरिया मध्यप्रदेश, मुकेश मालवी उम्र 26 साल साकिन ग्राम देहरिया मध्यप्रदेश, मोहनलाल जमादार उम्र 57 साल साकिन ग्राम देहरिया मध्यप्रदेश, नटवर कावल उम्र 27 साल साकिन बोरखेडी मध्यप्रदेश, पीरूलाल पुजारी उम्र 37 साल साकिन ग्राम डोंगरगांव मध्यप्रदेश तथा प्रेमसिंह राजपूत उम्र 31 साल साकिन साकिन देहरिया मध्यप्रदेश बताया। 

पूछताछ के बाद बोलेरो कार की तलाशी ली गई। इस दौरान कार की छत में बने विशेष चेम्बर के अंदर गांजा मिला। आरोपियों ने गांजा परिवहन करना स्वीकार किया। कार की तलाशी लेने पर कुल 50 पैकेटों में 50 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा खाकी रंग के टेप से टेपिंग किया हुआ मिला। सभी 6 आरोपियों के विरूद्ध थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया है। 
 


अन्य पोस्ट